बच्चे की बरामदगी न होने तक करेंगी प्रदर्शन
अस्पताल में पुलिस चैकी की मांग
मथुरा। गत दिनों जिला महिला अस्पताल से एक नवजात शिशु को महिला द्वारा ले जाने के बाद आज बुधवार भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा महिला चिकित्सालय के सीएमएस का घेराव किया गया और महिलाओं ने चिकित्सा अधीक्षक और स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक महिला के बच्चे का पता नहीं चलता और उसे उसका बच्चा नहीं मिलता तब तक महिला मोर्चा इसका पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने जिला अस्पताल में पुलिस चैकी की मांग भी की और कहा कि वे इस संबंध में कल जिलाधिकारी से भी बात करेंगी। महिला नेताओं ने कहा कि यदि यहां पुलिस चैकी होती तो शायद यह घटना नहीं होती। उन्होंने जिला अस्पाल के बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों के लिये भी सीएमएस से कहा कि यदि ये चालू होते तो महिला का पता लगाया जा सकता था। इसमें जिला अस्पताल प्रशासन की भारी अनियमितता हैं। इस अवसर पर दीपा अग्रवाल, नीलम पाण्डे, सुषमा साबू अग्रवाल, कमलेश अरोड़ा, मीरा मित्तल, छाया रावत, ओमवती अग्रवाल, अनीता थापा, हीरा अतेन सहित भाजपा की महिला पदाधिकारी मौजूद थीं।





