मुख्यमंत्री सड़कों व पुल निर्माण को धनराशि अविमुक्त करें- प्रदीप माथुर

मथुरा। नेता काॅग्रेस विधान मण्डल दल एवं विधायक मथुरा वृन्दावन प्रदीप माथुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर उन्हें सौ शैया अस्पताल वृन्दावन से यमुना पुल तक मार्ग की मरम्मत तथा यमुना किनारे गाइड बांध बनाये जाने के लिये पत्र दिया। उनके द्वारा बताया गया कि सिचाई विभाग मथुरा द्वारा इस कार्य की डीपीआर लखनऊ भेजी जा चुकी है तथा अनुमानित व्यय 8 करोड़ है। यह धनराशि पिछले वर्ष की सिचाई विभाग के आपदा प्रबंधन से स्वीकृत किये जाने का आश्वासन  दिया गया था, परन्तु सिचाई विभाग द्वारा स्वीकृति नही दी गई और मरम्मत का कार्य नही हो पाया। मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह भी लाया गया कि यह मार्ग कई जनपदों का सम्पर्क मार्ग है तथा बंद पड़ा है। श्री माथुर ने मुख्यमंत्री से सिचाई विभाग के आपदा प्रबंधन से 8 करोड़ की यह राशि स्वीकृत किये जाने के लिये अनुरोध किया ताकि इस जर्जर मार्ग की मरम्मत एवं गाइड बांध का निर्माण किया जा सके। श्री माथुर ने मथुरा अलीगढ़ मार्ग पर यमुना नदी के जर्जर पुल की मरम्मत कराये जाने के लिये भी मुख्यमंत्री को पत्र दिया। उन्होंने बताया कि यह पुल तमाम शहरों को मथुरा से जोड़ता है तथा बियरिंग खराब हो जाने के कारण थरथराता है। श्री माथुर ने यह भी बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व इस पुल की मरम्मत हेतु 3.55 करोड़ का आगणन लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाकर  शासन को भेजा गया था परन्तु धनराशि स्वीकृत नही किये जाने के कारण मरम्मत का कार्य नही हो सका। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि 2 वर्षाें में कीमत बढ़ जाने के कारण प्राथमिकता के आधार पर संशोधित आगणन बनाये जाने तथा तद्नुसार वर्ष 2014-15 के बजट में धनराशि का प्रावधान किये जाने हेेतु आदेश दिये जाये ताकि इस महत्वपूर्ण परन्तु जर्जर यमुना पुल की मरम्मत हो सके।

Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login