मथुरा । कश्मीर में अब हालात नियंत्रण में हैं। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान काला दिवस मना रहा है। जो दूसरे के घर में आग लगाता है वह खुद भी जलकर राख हो जाता है। गुजरात में दलितों पर अत्याचार पर हमें दुख है। सिद्धू ने भाजपा छोड़ने की बात अभी तक अपने मुंह से नहीं कही है। यूपी में दो तिहाई बहुमत से भाजपा सत्ता में आयेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने मथुरा में पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहीं। भजापा नेता ने कहा कि सीआरपीएफ के जवान ईमानदार हैं और वे देश की सुरक्षा के लिये हमेशा समर्पण की भावना से कार्य करते हैं। जो भी इन जवानों के साथ हुआ वह निंदनीय है। उत्तर प्रदेश की जनता 2017 के चुनावों का बेसब्री के साथ इंतजार कर रही है और चुनावों में भाजपा 2/3 बहुमत के साथ सत्ता में आयेगी। हुसैन ने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है और प्रदेश में दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पायेगी। कांग्रेस दिल्ली में एक भी सीट नहीं दे पायी है। उन्होनंे शीला दीक्षित को प्रदेश का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है लेकिन यहां भी दिल्ली जैसा ही हाल होगा। बसपा को देख चुके हैं और सपा को देख रहे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त है। गुजरात में दलितों के साथ जो हुआ उसका हमें दुख है। हम हमेशा से दलितों का सम्मान करते आये हैं और करते रहेंगे। उन्होंने पंजाब से राज्यसभा के सदस्य नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे पर कहा कि भाजपा ने उनके सम्मान में कोई कमी नहीं की। यदि कोई कमी बाकी रह गयी है तो वे बतायें लेकिन अभी तक सिद्धू ने अपने मुंह से यह नहीं कहा कि हम पार्टी को छोड़ रहे हैं।





