चुनाव नजदीक यूपी सरकार के कामकाज का जनता खुद करेगी आंकलन: रामनाईक
मथुरा । यूपी में चुनाव नजदीक है ऐसे में सरकार के कामकाज का आंकलन प्रदेश की जनता खुद करेगी, मेरा कुछ बोलना उचित नहीं होगा। यह बात प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक ने शनिवार को वृंदावन में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कही। एक चैरिटैबल हास्पीटल के नर्सिंग हाॅस्टल की नवनिर्मित बिल्डिंग के उद्घाटन के लिए यहां आए राज्यपाल श्री नाईक से जब प्रदेश सरकार के कामकाज के बारे में पूछा गया तो उन्हौने कहा कि मेरा कुछ बोलना गलत होगा। उन्हौने कहा कि चुनाव नजदीक है और जनता स्वंय आंकलन करेगी। कैराना पलायन पर पूछे गए सवाल के जबाब में उन्हौने कहा कि मैं उम्मीद करता हूॅ कि जो रिपोर्ट आई है यूपी की सरकार उसी रिपोर्ट के अनुरुप कार्रवाई करेगी। वहीं उरी सेक्टर में हुए आतंकी हमले को लेकर राज्यपाल बोले कि उस हमले की सारा देश निंदा कर रहा है। उन्हौने कहा कि केन्द्र सरकार, राष्ट्रपति महोदय, सेना प्रमुख, रक्षामंत्री आदि ने पूरे मामले को गंभरता से लिया है और जो निर्णय लिया है वह निश्चित ही देश के हित में होगा।





