
जन प्रतिनिधियों के झूठे आश्वासनों को झेलने को मजूबर परेशान ग्रामीण
राधाकुंड-कोन्हई मार्ग पर सडक़ के बीचों बीच बना गहरा गड्ढा
गोवर्धन। शासन प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों को कस्बे से जोडऩे वाले मार्गों की सुधि नहीं है। जन प्रतिनिधि भी बड़े बड़े वायदे कर वोट लेकर दोबारा वापिस नहीं आये। अब हाल यह है कि कभी राहगीरों के साथ बड़ा हादसा हो सकता है। गहरे गहरे गड्ढे व सडक़ पर फैली मोटी-मोटी गिट्टियां परेशानी का सबब बनी हुई हैं।
ग्राम पंचायत कोन्हई की करीब छह हजार की आबादी है। इस गांव को कस्बा राधाकुंड से जोडऩे वाला मार्ग करीब बीस वर्ष से क्षतिग्रस्त स्थिति में है। इस मार्ग में गहरे गहरे गड्ढे हो गये हैं। डाबर के हटने के बाद मोटी मोटी गिट्टियां सडक़ पर फैली हुई हैं। जबकि यही मार्ग राधाकुंड से कोन्हई होकर पेलखू, सिवाल आदि गांवों को जोड़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली के अकबरपुर गांव पहुंचता है। इस मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। सिर्फ ग्रामीण ही टैक्टर ट्रॉलियों व अन्य वाहनों को ले जाते हैं। आये दिन वाहन पलटकर दुर्घटना का कारण बनते हैं। इस मार्ग पर कंटीली झाडिय़ां विलायती बबूल भी मुसीबत का कारण बनी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विधानसभा चुनावों के बाद लोकसभा चुनावों में सांसद बनी हेमा मालिनी ने ग्रामीणों से वायदा किया था कि वे सडक़, बिजली व पानी की कमी नहीं आने देंगी। जब कि चुनाव जीतने के बाद न तो सांसद का पता है और न ही उनकी ओर से प्रतिनिधि आया है। आने वाले किसी भी चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी का वहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीण महेन्द्र सिंह का कहना है कि इस मार्ग के निर्माण को लेकर लोक निर्माण व जिला प्रशासन को मौखिक व लिखित रूप से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। सांसद की ओर से आदर्श गांव योजना में ऐसे गांव को चिन्हित करना चाहिए था जो कि विकास के लिए वर्षों से इंतजार कर रहा है। इस गांव में नाली व खरंजा उखड़े पड़े हैं। बिजली के तार जर्जर स्थिति में हैं। स्वास्थ्य व अन्य योजनाओं से भी अछूता है। वहीं परिक्रमा मार्ग जतीपुरा से गांठौली को जोडऩे वाला मार्ग भी अपने बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इस मार्ग पर पडऩे वाले प्राचीन गुलाल कुंड पर हजारों की संख्या में ब्रज यात्री प्रत्येक वर्ष दर्शन करने पहुंचते हैं। जबकि प्रतिदिन इसी मार्ग से राहगीर गांठौली से डीग मार्ग की ओर जाने के लिए इसी रास्ते का साहरा लेते हैं। लोक निर्माण विभाग व जिला पंचायत की ओर से इस मार्ग की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जतीपुरा के रहने वाले राम पुरोहित का कहना है कि मार्ग पर गहरे गहरे गड्ढे हो गये हैं। अगर इस मार्ग का निर्माण नहीं किया गया तो सीधे मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी।






Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS