गोवर्धन। पौराणिक महत्व के गिरिराज तलहटी स्थित राधाकृष्ण संगम कुंड पर आज रात्रि में मंगलवार को मनोकामना एवं संतानोत्पत्ति के कहे जाने वाले पर्व पर लाखों श्रद्धालु स्नान करेंगे। पर्व को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जा चुका है। श्रद्धालुओं का परिक्रमा मार्ग एवं राधाकुंड में आवागमन शुरू हो गया है। विदेशी भक्तों ने इस पर्व को मनाने के लिए डेरा डाल लिया है। कार्तिक नियम सेवा के चलते इस उत्सव में स्नान करने वालों की संख्या लाखों में पहुंच जाती है। जो कि आज मंगलवार की अर्द्धरात्रि से लेकर बुधवार के सुबह चार बजे तक होगा। एसडीएम गोवर्धन विश्व भूषण मिश्र ने ईओ राधाकुंड नगर पंचायत टीएन चौबे को मेला संबंधी सभी व्यवस्थायें सौंपी हैं। जनपद के आधा दर्जन थानों का फोर्स पीएससी, फायर ब्रिगेड व्यवस्थाओं में लगाये गये हैं। कस्बा राधाकुंड में चार व दो पहिया के वाहनों पर आज पूर्णरूपेण प्रतिबंध रहेगा। सभी संपर्क मार्गों पर नगर पंचायत की ओर से पार्किंग स्थल बनाये गये हैं। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए कुंड में पीएससी गोताखोरों के अलावा दो नाव के साथ नगर पंचायत के गोताकर्मी तैनात किये गये हैं। कुंड पर स्नान करते समय किसी का पैर नीचे न फिसले इसके लिए घाटों पर बल्लियां लगाई गई हैं। राधाकुंड में सकरी गली होने के कारण ज्यादातर रास्तों को वनवे किया गया है।





