कलेक्ट्रेट के सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत डीएम अधीनस्थों को दिशा निर्देश देते हुए
-जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने के तिथियां निर्धारित की
मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में आने वाली बाधाओं को अभियान चलाकर दूर किया जाय तथा इस परियोजना को तत्काल पूरा किया जाय। श्रीकुमार आज यहॉ कलक्ट्रेट के सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत जनपद मथुरा में आ रही समस्याओं लेकर बुलायी गयी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
श्रीकुमार ने कहा कि इस परियोजना में जहॉ पर काम की गति धीमी है वहॉ की बाधाओं को दूर कर काम में तेजी लायी जाय। जिलाधिकारी ने मार्ग के अतिक्रमण को हटाने की तिथियां निर्धारित करते हुए पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल लगाये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी द्वारा चैमुहां व छटीकरा तथा उसके आस पास का अतिक्रमण हटाने के लिए 29 व 30 दिसम्बर की तिथि निर्धारित की। मथुरा तथा रांची बांगर का अतिक्रमण 02 जनवरी को हटाये जाने की तिथि निर्धारित की। बरारी, महुवन तथा बाद का अतिक्रमण हटाने के लिए तीन व चार जनवरी की तिथि जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि मकदुम व फरह की जमीनों का अवार्ड हो गया है। जिलाधिकारी ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को 10 जनवरी तक भुगतान की कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिये तथा 16 जनवरी को अतिक्रमण हटाने की तिथि निर्धारित की। रिफाइनरी के बारें में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि दोनों मंत्रालयों के बीच इस प्रकरण पर वार्ता चल रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्णय के बाद प्राप्त आदेशानुसार कार्यवाही की जाय। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर तथा छाता को निर्देश दिये कि नोटिफिकेशन में जो गाटे छूट गये हैं उन्हें चिन्हित कर उनकी सूची परियोजना निदेशक को उपलब्घ करा दी जाय ताकि जमीनों को क्रय करने की कार्यवाही तेजी से की जा सके। जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग में पड़ने वाले पेडों को काटने की अनुमति प्राप्त कर ली गयी है और उन पेड़ों को काटने की कार्यवाही डीएफओ द्वारा की जानी है। जिलाधिकारी ने पेड़ों को तुरन्त काटने के लिए डीएफओ को निर्देश दिये।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार अवस्थी, पुलिस अधीक्षक अपराध राममोहन सिंह, उप जिलाधिकारी सदर व छाता राजेश कुमार व रामअरज, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी रामसेवक द्विवेदी, परियोजना निदेशक व परियोजना प्रबन्धक मोहम्मद सफी व जेके सिंह, प्रबन्धक एलएण्डटी सत्येन्द्र सिंह, लाइजनिंग अधिकारी ओमप्रकाश सारस्वत तथा प्रबन्धक रिलायन्स दिनेश कुमार पटेल सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।





