जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक लेती सांसद हेमामालिनी
सांसद ने विकास योजनाओं एवं सांसद गाॅव रावल के विकास कार्यो की समीक्षा की
विकास कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाय: सांसद
मथुरा। जनपद की संासद श्रीमती हेमा मालिनी ने गोद लिय गये रावल तथा जनपद में उनके विशेष प्रयास से लायी गयी प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि योजनायें किस स्तर पर लम्बित हैं उसकी सूची उन्हें उपलब्ध करायी जाय ताकि वह प्रयास करके योजनाओं में आ रही रूकावटों को दूर करा सकें। श्रीमती मालिनी आज यहां कलेक्ट्रेट के सभागार में इस सम्बन्ध बुलायी गयी बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
बैठक में सांसद ने कहा कि उनके द्वारा गोद लिय हुए रावल गाॅव तथा उनके विशेष प्रयास से विकास योजनायें जनपद में प्रस्तावित हैं उनमें आ रही रूकावटों के बारें में उन्हें अवगत कराया जाय ताकि वह मुख्य सचिव से मिलकर शासन स्तर पर आ रही रूकावटों को दूर करा सकें। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं के इस्टीमेट नहीं भेजे गये उन्हें तुरन्त भेज दिया जाय। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सम्बन्ध में जो भी पत्राचार शासन स्तर पर किया जाता है उसकी एक प्रति उन्हें भी भेजी जाय ताकि वे अपने स्तर से प्रयास कर सकें। सांसद ने इस बात पर विशेष बल देते हुए कहा कि विकास कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाय। शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार के माॅडल के अनुसार शौचालय बनाये जायें।
बैठक में थीम पार्क के लिए पानी गाॅव खादर में खसरा नं. 512 की 43 एकड़ सरकारी जमीन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। सांसद द्वारा थीम पार्क के लिए जमीन कम होने की बात कही जिस पर मुख्य विकास अधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने तहसीलदार मांट को निर्देश दिये कि खसरा नं. 513 व 514 की जमीन का परीक्षण भी करा लिया जाय और उसे भी थीम पार्क के लिए प्रस्तावित किया जाय। श्री वर्मा ने यह भी निर्देश दिये कि थीम पार्क को जोड़ने वाली सड़क के लिए भी जमीन देखकर दो दिन में बताया जाय तथा संासद प्रतिनिधि को भी मौके पर ले जाकर दिखा दिया जाय। श्री वर्मा ने अधिकारियों से यह भी कहा कि सांसद द्वारा इस जनपद के विकास के लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है तो हम लोगों को अधिक रूचि लेकर कार्य करना चाहिए।
बैठक में सांसद के साथ आये डीन कोलम्बिया विश्व विद्यालय निरूपम बाजपेयी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार अवस्थी, उप जिलाधिकारी महावन चन्द्र विजय सिंह, जिला विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास डा. एके बाजपेयी, जिला पंचायतराज अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद यादव सहित जल निगम, लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





