लापता युवक का शव पड़ौस की धर्मशाला में मिला

परिजनों ने लगाया रिश्तेदार पर हत्या का आरोप 

मथुरा। एक सप्ताह पूर्व गायब हुए युवक का शव आज पड़ौस की ही धर्मशाला में मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव बुरी तरह सड़ चुका था। परिजनों का आरोप है कि एक रिश्तेदार ने ही युवक की हत्या कराई है। आरोपी ने मृतक की पत्नी को भी जबरन अपने बेटे के साथ अपने घर में रखा हुआ है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गोविन्द नगर क्षेत्र की मंडीरामदास स्थित गली पातीराम में पीपल वाली धर्मशाला में आज पड़ौस के ही 26 वर्षीय सागर उर्फ राजकुमार पुत्र श्याम पाराशर का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ है। परिजनों के अनुसार मृतक सागर 08 अक्टूबर आगरा रामबारात देखने के लिए जाने की कह घर से निकला था और तब से ही लापता चल रहा था। सूचना पाकर पुलिस उपाधीक्षक शहर चक्रपणि त्रिपाठी एवं थाना गोविन्द नगर पुलिस मौके पर पहुंच गए और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक सागर की मां व बहिन द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार सागर की पत्नी किरण को पड़ौस में ही रहने वाले रिश्तेदार रामबाबू ने अपने लड़के के साथ जबरन अपने घर में रख लिया है। आए दिन रामबाबू और उसका बेटा सागर को अंजाम भुगतने की धमकी देते थे तथा उनके कहने पर किरण ने सागर पर जबरन दुराचार का मुकद्मा भी दर्ज करा दिया था। इसी के चलते रामबाबू ने सागर की हत्या कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल के बाद मुकद्मा दर्ज करने एवं आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कह रही है। 


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti