नंदभवन में लाला के दर्शन कर हजारों श्रद्धालु हुए धन्य
मथुरा । जिले के कस्बे के नंदगांव नंदीश्वर पहाडी स्थित नंदभवन में शुक्रवार की मध्य रात्री को दुनियां से अलग हटकर योगीराज भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। इस अवसर पर देश विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने लाला के दर्शन कर खुद को धन्य किया। वहीं बरसाना से आए गोस्वामी समुदाय ने समाज गायन कर नंदबाबा व यशोदा मैया को लाला के जन्म की बधाई दी। नंदगांव की विशेष परंपरा के अनुसार पंचागों की काल गणना के उलट रक्षा बंधन के ठीक आठ दिन बाद यहां श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया गया। दोपहर लगभग साडे बारह बजे नंदगांव के गोस्वामीवृंदों द्वारा नंदभवन में अष्टछाप के कवियों एवं अन्य महानुभावों की वाणियों का गायन किया। समाज गायन का दौर लगभग तीन घंटे से अधिक चला।
संध्या के समय बरसाना के लोग अपनी पारम्परिक वेशभूषा धोती, बगलबंदी से सुसज्जित हो नंदभवन पहुचें जिसके बाद दोनों गाँवों के गोस्वामीजनों के मध्य संयुक्त समाज गायन का दौर चला। इस दौरान लाला के जन्म की बधाईयाँ गायी गईं। समाज गायन के पश्चात बरसाना से आए गोस्वामी समाज को उपहार स्वरूप बधाई का लड्डू भेंट किया गया। रात्रि दस बजे मंदिर प्रांगण में ढांढ पुरोहित द्वारा नंदबाबा की वंशावली का बखान किया गया। मध्यरात्रि को मंदिर के गर्भ गृह में गोस्वामीयों ने पंचामृत से लाला के श्रीविग्रह का गुप्त अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद पट खुलते ही भगवान के दर्शनों को देशी विदेशी श्रद्धालुओं का तांता लग गया। श्रद्धालु अभिषेक के दर्शन पाने के लिए लालायित रहे। पट खुलते ही नंदके लाला की जय, यशोदा नंदन की जय से वातावरण गुंजायमान हो गया। श्रद्धालु एवं गोस्वामी समाज नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के पद का गायन करने लगे।





