लेखपाल परीक्षा हेतु कुल 20 परीक्षा केन्द्र निर्धारित

प्रत्येक केन्द पर दो पालियों में 40 हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

जिलाधिकारी ने नकल विहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के दिये कड़े निर्देश

कलैक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम राजेश कुमार

मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने 13 सितम्बर को आयोजित होने वाली लेखपाल परीक्षा को नकल विहीन सम्पन्न कराने हेतु सभी सम्बन्धित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये। श्री कुमार आज यहाॅ कलेक्ट्रेट के सभागार में इस सम्बन्ध में बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 40694 अभ्यर्थी लेखपाल परीक्षा में सम्मिलित होंगे जिसके लिए 20 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। प्रत्येक केन्द्र पर दो पालियों में परीक्षा कराई जायेगी। पहली पाली की परीक्षा पूर्वान्ह 10ः30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपरान्ह 3 बजे से 4ः30 बजे तक कुल 90-90 मिनट के लिए आयोजित की जायेगी। श्री कुमार ने बताया कि पूरी परीक्षा को तीन जोन तथा 12 सेक्टर में बांटकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। जिलाधिकारी ने इस बात के कड़े निर्देश दिये हैं कि केन्द्र व्यवस्थापक वाइस प्रिन्सीपल से नीचे के व्यक्ति को किसी भी हालत में न बनाया जाय। 20 परीक्षा केन्द्रों के लिए 20 जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती केन्द्र पर्यवेक्षक के रूप में की गई है तथा दूसरा पर्यवेक्षक बाहय एजेन्सी (टी0सी0सी0) की तरफ से तैनात किया जायेगा। जिलाधिकारी ने सभी जोनल पर्यवेक्षक व सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिये हैं कि वे परीक्षा केन्द्रों का पहले ही परीक्षण कर सारी व्यवस्थायें पूरी करा लें। पार्किंग, पेयजल, टाॅयलेट आदि की समुचित व्यवस्था हेतु केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिये कि परीक्षा केन्द्र पर तैनात सभी अधिकारी इस आशय का प्रमाण पत्र देंगे कि जिस परीक्षा केन्द्र पर उनकी तैनाती की गई हैं वहाॅ पर उनका कोई सगा सम्बन्धी परीक्षा नहीं दे रहा है। केन्द्र व्यवस्थापक अपने-अपने केन्द्रों पर एक स्ट्राॅग रूम की व्यवस्था अवश्य कर लें क्योंकि दोनों पालियों के प्रश्न व उत्तर पुस्तिका उन्हें एक साथ उपलब्ध कराये जायेंगे। जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देश दिये कि सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराये जाने सम्बन्धी नियम व शर्तें उपलब्घ करा दें। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर शैलेश कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन धीरेन्द्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जयशंकर मिश्र, सचिव विकास प्राधिकरण एस0बी0 सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्र, केन्द्र पर्यवेक्षक के रूप में तैनात जिला स्तरीय अधिकारी तथा केन्द्र व्यवस्थापक उपस्थित थे।


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti