सर्किट हाउस हेतु भूमि उपलब्ध कराने को कहा
मथुरा। उप्र कांग्रेस विधान मण्डल दल के नेता तथा मथुरा वृन्दावन के विधायक प्रदीप माथुर ने बताया कि लखनऊ में उन्होंने लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव से भंेट की और उनसे कहा कि गत 3 वर्षों में मथुरा वृन्दावन में कुछ प्रमुख सड़कों का निर्माण कार्य नही हुआ है। इस पर शिवपाल यादव ने तत्काल प्रमुख सचिव लोक निर्माण अटोरिया को मथुरा शहर की 5 सड़कों की पत्रावली धन आवंटन हेतु उनके समक्ष प्रस्तुत किये जाने के आदेश दूरभाष पर दिये। इन प्रमुख सड़कों में एनएच 2 से नये बस स्टैण्ड तक महोली रोड, डीगगेट से भरतपुर गेट होते हुये जनरल गंज तिराहे तक, बीएसए इंजीनियरिगं काॅलेज से राधिका बिहार होते हुये एनएच 2 तक, सौंख अड्डे से म्युजियम तक, पुराने क्वालिटी होटल से म्यूजियम होते हुये केआर डिग्री काॅलेज के टी पाॅइन्ट तक आदि शामिल हैं। इसके उपरान्त विधायक माथुर ने प्रमुख सचिव लोक निर्माण से वार्ता की और बताया कि इन पत्रावलियों को सभी औपचारिकतायें हो चुकी है तथा इन पत्रावलियों को मंत्री को भेजने के लिये कहा। विधायक माथुर ने शिवपाल यादव से कहा कि मथुरा में एक सर्किट हाउस की नितांत आवश्यकता है। यहाॅ पर पीडब्लूडी गैस्ट हाउस बहुत छोटा है और देश विदेश के तमाम सरकारी अधिकारियांे, वीआईपी आते हैं। इस पर लोक निर्माण मंत्री ने सहमति जताई तथा जिलाधिकारी मथुरा से सर्किट हाउस हेतु 5-10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के लिये कहा जिससे सर्किट हाउस का निर्माण हो सकेगा। लखनऊ प्रवास के दौरान विधायक माथुर ने मुख्य सचिव आलोक रंजन से भेंट की और उनसे मथुरा में किसानों को प्राकृतिक आपदा ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा दिये जाने की बात भी कही, उन्होंने बताया कि लगभग 80 प्रतिशत किसानों को अभी तक मुआवजा नही मिला है।





