
ज्ञानदीप के सभागार में डीएम राजेश कुमार, एसएसपी मंजिल सैनी छात्रों की सुरक्षा को लेकर विद्यालय संचालकों की बैठक लेते हुए
मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजिल सैनी की अध्यक्षता में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था के सम्बन्ध में एक आवश्यक संगोष्ठी जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों, तकनीकी संस्थानों विद्यालयों के तथा बेसिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबन्धकों के साथ ज्ञानदीप शिक्षा भारती के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने पड़ौसी देश में हुई कुछ अनहोनी घटनाओं का जिक्र करते हुए शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों तथा उससे जुड़े प्रबन्धतंत्रों को सावधान करते हुए कहा है कि वे अपने अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता प्रदान करते हुए ऐसे कदम उठायें कि कोई भी अराजक तत्व किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम न दे सके और यदि वे ऐसा प्रयास भी करते है तो सतर्कता के कारण अपने मंसूवों में सफल न हो सके। उन्होंने सभी प्रबन्धकों तथा प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे यह सुनिश्चित करलें कि विद्यालय की बाउन्ड्रीवाल क्षतिग्रस्त न हो, दो गेट अवश्य हो, गेट पर सुरक्षा गार्ड मय असलाह के तैनात हो एवं उसके पास विद्यालय में प्रवेश करने वाले किसी भी अन्जान व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नम्बर, प्रवेश का उदद्ेश्य दर्ज करने हेतु एक रजिस्टर भी हो, और आवश्यक तलाशी के बाद ही प्रबन्धक की अनुमति के बाद ही उसे अन्दर जाने दिया जायें। विद्यालय के मैनगेट पर एवं एक अन्य स्थान पर सीसीटीवी कैमरा अवश्य होना चाहिये। ताकि आने जाने वाले व्यक्ति की सीधी निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस, प्रबन्धक तंत्र, अभिभावकों के बीच आपसी तालमेल बना रहे और आवश्यक जानकारियां एक दूसरे के पास समय से शीघ्रता से पहुॅचें इसके लिये एक दूसरे के मोबाइल नम्बर तथा उनके पते भी सबके पास उपलब्ध होने चाहिये। उन्हेांने लेट आने पर विद्यार्थी को विद्यालय के बाहर न रोकने बल्कि उसे अन्दर प्रवेश करने की हिदायत दी है। विद्यालय में कार्यरत सभी कर्मचारियों की पुलिस जाॅच कराकर ही उन्हें नियुक्त किया जाये। उन्होंने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अतः छोटी छोटी बातों पर भी ध्यान देना होगा ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। समय समय पर विद्यार्थियों के अभिभावक के साथ विचार विमर्श कर सुरक्षा सम्बन्धी नियम अथवा उसमें किये जाने वाले सुधारों बारे में भी जानकारी ले सकते है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से कहा है कि वे सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने सम्बन्धी अपने विद्यालयों की लेआउट तथा अन्य जानकारियों के सभी प्रपत्र पूर्ण कर उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा सम्बन्धित थानों में अवश्य उपलब्ध करादें ताकि वे विद्यालयों भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ले सके। उन्होंने कहा कि यहॅा पर दिये जा रहे सभी सुरक्षा सम्बन्धी निर्देश नेट व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध है उन्हें सभी को उपलब्ध कराया जाये तथा प्रशासन तथा पुलिस के सहयोग से बिना किसी देरी के इसे तुरन्त अमल में लाया जाये।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजिल सैनी ने कहा कि आगरा तथा एनसीआर को देखते हुए मथुरा को संवेदनशील क्षेत्र कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमें समय समय पर विद्यालयों में माॅकड्रील करवाना चाहिये ताकि आपातकाल की स्थिति में बच्चों में लावारिस बैग, संदिग्ध व्यक्तियों तथा आपराधिक तत्वों को पहचानने की क्षमता विकसित हो तथा वे इसके बारे में सूचित कर सके। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार दुबे ने आश्वस्त किया कि प्रशासन से सुरक्षा सम्बन्धी जो भी दिशा निर्देश व सुझाव दिये गये है उन्हें आदेश मानकर प्राथमिकता के आधार पर उनका पालन किया जायेगा। अन्त में ज्ञानदीप विद्यालय के प्रबन्धक मोहन स्वरूप भाटिया ने सभी का आभार प्रकट किया।





