शादी समारोह के दौरान पुलिस के साथ महिला हाथापाई करते हुए
एक तरफा कार्रवाई के बार लड़की पक्ष ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
मथुरा। सादाबाद रोड स्थित कृष्णा मैरिज होम में देररात्रि आइसक्रीम खाने को लेकर वर व वधु पक्ष आपस में भिड़ गए, जमकर लाठी डंडे चले वर पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यवाही कर वधू पक्ष के चार-पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। एकतरफा कार्रवाई से वधू पक्ष के लोगों में रोश फैल गया। महिलाओं ने उग्र रूप धारण करते हुए पुलिस खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जमकर पुलिस पार्टी पर पथराव करते हुए पुलिस व बारातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस उपद्रव में दो उपनिरीक्षक सहित तीन पुलिस कर्मी घायल हुए है। इसके बादग्रामीणों ने जाम लगा दिया। ग्रामीणों के उपद्रव की सूचना पर मांट, महावन, बलदेव, जमुनापार व सदर बाजार थाना का पुलिसबल मौके पर पहुंचा स्थिति को काबू में किया। इस घटना में सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 20 नामजद व 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना राया क्षेत्र अंतर्गत सादाबाद रोड स्थित कृष्णा मैरिज होम में बीतीरात राया निवासी महेश नगर निवासी महेन्द्र सिंह की पुत्री रंजनी की शादी शाहपुर हाथरस निवासी मनीष पुत्र रामबाबू से थी। मंगलवार को बारात आई, पूरा घर शादी की खुशियों में झूम रहा था। वर व वधू पक्ष के लोग स्वल्पाहार ले रहे थे कि आइसक्रीम खाने को लेकर आपस में भिड़ गए। कुछ देर बाद विवाद तूल पकड़ गया और गाली गलौज और हाथापाई होने लगी। इसी बीच लडकी पक्ष के लोगों ने लड़के पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों से प्रहार शुरू कर दिए और लड़के पक्ष के यहां से पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराकर वधू पक्ष के चार-पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। उन्हें गाड़ी में डालकर थाना लेकर आ रही थी लेकिन पुलिस की एक तरफा कार्रवाई से क्षुब्ध होकर लड़की पक्ष के लोग एवं महिलाएं नेहरू पार्क पर आ जमी औश्र पुलिस को रास्ते में रोक कर हमला बोल दिया। महिलाओं ने पुलिस पर जमकर पत्थर बरसाए। महिलाओं ने पुलिस पार्टी पर जमकर लाठियां, चप्पल आदि बरसाए। पुलिस ने किसी तरह भगाकर अपनी जान बचाई। इस पथराव में दो उपनिरीक्षक व एक सिपाही बुरी तरह से घायल हो गए। पुलिस के जाने के बाद महिलाओं व ग्रामीणों ने जाम लगा डाला। जमकर नारेबाजी की। रात में हुए इस उपद्रव की सूचना पर मांट, महावन, बलदेव, जमुनापार, सदरबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह काबू में किया। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं 20 नामजद सहित 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। इधर व लड़के पक्ष की ओर से दूल्हे के पिता ने वधू पक्ष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है। घटना के संबंध में एसएसपी डा. राकेश सिंह का कहना है कि विवाद आइसक्रीम खाने को लेकर हुआ था सात आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। जाम लगाने वाले लोगों पर पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किया गया था।





