शिकायत को गयी युवती के साथ दरोगा की शह पर सिपाहियों ने किया दुराचार

क्षेत्राधिकारी जुटे मामले की जांच में 

मथुरा। बरसाना निवासी एक महिला ने गोवर्धन थाने के दरोगा की शह पर दो सिपाहियों पर सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि तीन दिन पहले उसे गोवर्धन बुलाया। वहां दारोगा ने धर्मशाला का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद दो सिपाहियों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। सीओ सदर ने प्रारंभिक जांच में मामले को संदिग्ध बताया है।

मिली जानकारी के अनुसार भरतपुर (राजस्थान) के थाना डीग क्षेत्र के एक गांव की महिला परिवार के साथ जनपद मथुरा के थाना व कस्बा बरसाना में रह रही है। कलक्ट्रेट पर कल अपने पति और बच्चे के साथ आई महिला ने मथुरा एसएसपी मंजिल सैनी को शिकायती पत्र दिया। इसमें थाना गोवर्धन में तैनात दो सिपाहियों पर तीन दिन पहले सामूहिक दुष्कर्म करने का उसने सनसनीखेज आरोप लगाया। महिला ने बताया कि ससुराल के दो लोग उनका उत्पीडन कर रहे हैं। 12 दिसंबर को गोवर्धन परिक्रमा के दौरान थाना गोवर्धन में तैनात होमगार्ड से उसकी मुलाकात हुई थी। होमगार्ड को उन्होंने समस्या बताई। होमगार्ड ने उससे कहा कि जो लोग उत्पीडन कर रहे, उनको गोवर्धन बुला लो। वह दारोगा से कहकर दोनों को जेल भिजवा देगा। 16 को दारोगा ने कॉल करके गोवर्धन बुलाया। महिला ने दारोगा के कहने पर उसकी ससुराल के लोगों को भी गोवर्धन बुला लिया। बकौल महिला, दोनों लोग धर्मशाला में रुके हुए थे। दारोगा दो सिपाहियों और होमगार्ड के साथ उसे धर्मशाला में ले गया, जबकि उसके पति को सौंख अड्डा पर छोड़ गया था। पुलिस ने दोनों लोगों की कमरे में बंद कर पिटाई भी की और उसे (महिला) दूसरे कमरे में रुकने को कह दिया। महिला ने बताया कि दोनों सिपाही कमरे में आए और दारोगा ने बाहर से कमरा बंद कर दिया। दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। दारोगा ने उससे जुबान बंद रखने को दो लाख रुपये देने की भी पेशकश भी की। एसएसपी मंजिल सैनी ने सीओ सदर अनिल यादव को मामले की जांच करने के लिए गोवर्धन भेज दिया। जांच के बाद सीओ सदर अनिल यादव ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या महिला का आरोप संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अभी मामले की जांच जारी है।

 


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti