मथुरा। मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एके सिंघल और डीआरएम प्रभाष कुमार ने गुरूवार को मथुरा जंक्शन का निरीक्षण किया और वहां व्याप्त गंदगी और अव्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त की। श्री सिंघल ने मथुरा जंक्शन के प्रथम प्रवेश द्वार को आम लोगों से जोडने के लिए मीडिया का भी सहयोग मांगा। यह प्रवेश द्वार धौलीप्याऊ की ओर से है और दूसरा प्रवेश द्वार महौली रोड गोपाल पुरा पर है। गुरूवार की सुबह महाप्रबंधक सिंघल और डीआरएम श्री कुमार ने मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक के पार्सल रूम से आरपीएफ थाने तक निरीक्षण किया, जहां जगह जगह गंदगी थी। जंक्शन के सामान्य प्रतीक्षालय में भी गंदगी बिखरी थी। दोनों अधिकारियों ने इस पर नाराजगी जताई और स्थानीय अधिकारियों को सफाई व्यवस्था के निर्देश दिये। मध्य रेलवे के महा प्रबंधक श्री सिंघल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मथुरा जंक्शन पर तीर्थ यात्रियों का दबाव अधिक होने के कारण व्यवस्थायें अव्यवस्थित होती नजर आती हैं, इसके लिए पचास बैंच फैंसिंग और लाइट लगाने के निर्देश दिये गये हैं। पत्राकारों के एक सवाल के जबाव में श्री सिंघल ने कहा कि मथुरा जंक्शन पर अगले दो-तीन महीने में मथुरा के प्रसिद्व पेड़े और पेठा बिकने लगेगा। इसके लिए टेण्डर प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। मथुरा जंक्शन पर दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री और अनाधिक्रत बैंडरों के सवाल पर श्री सिंघल ने कहा कि इसके लिए आवश्यक प्रयास किये जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों में अनाधिकृत बैंडर दिखाई देंगे उनके विरूद्व कार्यवाही होगी। उन्होंने गतिमान एक्सप्रेस के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि रेलवे की ओर से इसकी सारी औपचारिकतायें पूरी कर ली गईं हैं। सुरक्षा और संरक्षा विभाग की रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को मिलने के बाद ही इसे शुरू किया जा सकेगा।





