मथुरा । जिलाधिकारी नितिन बंसल ने आव्हान किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान जनपद की समस्त विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ 1 जनवरी 2017 को 18 वर्श की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवक युवतियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराके और मृतक शिफ्टेड व डबल नाम वाले मतदाताओं के मामले में नोटिस की प्रक्रिया के साथ नाम काटने और सूची में नाम, आयु आदि अशुद्धियों के शुद्धीकरण कराते हुए सूची को पूरी तरह दुरूस्त करायें।
जिलाधिकारी शनिवार को यहां कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के सबसे खराब लिंग अनुपात वाले 20-20 बूथों के बीएलओ की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनकी ओर से किसी गलत कार्य का कोई दबाव नहीं है किंतु खराब लिंग अनुपात के मामले में उन्हें हरेक का पंजिका में स्पष्ट कारण अंकित करना होगा।
उन्होंने कहा कि कुछ मतदाताओं ने पिछले पंचायत चुनाव की सूची में नाम होने के कारण अलग से नाम न बढवाने संबंधी भ्रांति हो सकती है जिन्हें बताया जाय कि विधानसभा सूची में यदि नाम नहीं है तो वे विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान के अधिकार से वछिंत हो जायेंगे। साथ ही कहा कि 18 से 19 वर्ष के मतदाताअें का औसत लगभग 4 प्रतिशत होना चाहिए। ऐसे मतदाताओं के नाम बढाने की लंबी प्रक्रिया के चक्कर में वे इसे गडबड न होने दें। उन्होंने विशेष इंगित किया कि निर्वाचन आयोग लिंग अनुपात उम्र अनुपात आदि पर विशेष ध्यान देता है, ऐसे में सूची को पूरी तरह से दुरूस्त किया जाय।
डीएम ने हिदायत दी कि इकट्ठे फार्म न लिये जायें, किसी के गलत वोट बढाने के कहने पर कोई ध्यान न दिया जाय, अस्थायी रूप से आकर निवास करने वालों के वोट न बढाये जायें और सामान्यतः मतदाताओं के ही फार्म लेकर साथ-साथ जांच करते हुए सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाय। इसी क्रम में जोडा कि बीएलओ 30 अक्टूबर तक फार्म भरवाने के बाद अलगे एक सप्ताह के अंदर जांच आदि प्रक्रिया पूर्ण कर सूची में नाम शामिल कराने की कार्यवाही करें।
उन्होंने छावनी क्षेत्र संबंधी समस्याओं के मामले में उप जिलाधिकारी सदर एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सेन्य अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का निदान कराने के निर्देष दिये। साथ ही बैठक के दौरान अनुपस्थित रहे बीएलओ के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करने के भी आदेश दिये।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार अवस्थी ने कल (आज) 16 अक्टूबर को बूथ दिवस के दिन अपने बूथ पर जाकर सूची में नाम शामिल कराने हेतु मतदाताओं के फार्म प्राप्त कर अभियान को सफल बनाने और आगामी 31 अक्टूबर तक चल रहे मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान क्षेत्र में घर-घर भ्रमण कर शुद्ध सूची तैयार कराने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी मनीश कुमार वर्मा, प्रशिक्षु आईएएस अनन्दु झा, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के सबसे खराब लिंग अनुपात वाले 20-20 बूथों के बीएलओ आदि बैठक में उपस्थित रहे।





