संघठित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक 26 को
मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया है कि समस्त ग्राम पंचायतों में प्रधानों एवं सदस्यों को आगामी 20 दिसम्बर को विकास खण्ड सभागार में खण्ड विकास अधिकारी या सहायक विकास खण्ड अधिकारी (पंचायत) द्वारा शपथ ग्रहण करायी जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि राज्य सरकार के निर्णयानुसार जनपद में संघठित ग्राम पंचायतों की प्रथम बैठक आगामी 26 दिसम्बर को आहूत की जाय तथा उसके लिए उ0प्र0 पंचायतराज नियमावली के नियम 31 तथा 32 में दी गयी व्यवस्थाओं के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा शपथ ग्रहण के तत्काल बाद उसी दिन ग्राम पंचायत की 26 दिसम्बर की बैठक हेतु समय व स्थान का उल्लेख करते हुए प्रथम बैठक की नोटिस जारी करते हुए समस्त ग्राम पंचायत सदस्यों को लिखित रूप से नोटिस तामील करा दी जाय तथा नोटिस की एक प्रति पंचायत भवन जैसे सार्वजनिक स्थान पर चस्पा कर दी जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि प्रथम बैठक सम्पन्न हो जाने का प्रमाण-पत्र समस्त खण्ड विकास अधिकारी 27 दिसम्बर को जिला पंचायतराज अधिकारी को अवश्य उपलब्ध करा दें।
जिलाधिकारी ने अपने निर्देश में यह भी कहा है कि ऐसी ग्राम पंचायतें जिनमें ग्राम पंचायतों के सदस्यों के कम से कम दो तिहायी स्थान और प्रधान का पद भर जाये, वे उनके स्तर से 18 दिसम्बर तक संघठित कर अधिसूचित की जायेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि अधिसूचना के लिए निर्धारित प्रारूप चयनित प्रधानों एवं ग्राम पंचायतों के सदस्यों के नाम निर्वाचन परिणाम पंजिका से भरते हुए कम्प्यूराईज्ड तैयार कराकर सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं खण्ड विकास अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षरों से सीडी सहित तत्काल जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करा दी जाय जिससे ग्राम सभाओं के गठन की अधिसूचना जारी की जा सके तथा अधिसूचना की दो प्रतियां विकास खण्ड कार्यालय में उपलब्ध करायी जाय जिसकी एक प्रति को सहायक विकास अधिकारी कार्यालय में चस्पा कर प्रकाशित की जाय तथा एक प्रति सम्बन्धित पंचायत सेक्रेटरी को उपलब्ध करायी जाय।





