हाईवे पुलिस द्वारा पकड़े गये सतोहा में वृद्ध की हत्या के आरोपियों की जानकारी देते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. राकेश सिंह।
मथुरा। हाईवे पुलिस ने गत 16 अगस्त को सतोहा गांव में चोरी के समय एक वृद्ध की हत्या और युवक को घायल कर लूटपाट करने वाले अपराधियों को देशी तमंचा और हत्या के समय उठाये गये मोबाइल सहित गिरफ्तार किया है। बताया गया कि थानाध्यक्ष सुबोध यादव, उपनिरीक्षक विनोद तोमर, सौरभ शर्मा व कांस्टेबिल अनिल, अभिनंदन, प्रमोद को मुखबिर ने सूचना दी कि हत्या के मामले में वांछित अपराधी हरपाल उर्फ छोटू पुत्र गोविंद सिंह व दीनू पुत्र मान सिंह निवासीगण गिरधरपुर बाकलपुर वाले बंबे पर कहीं जाने की फिराक में है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। इनसे एक देशी तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि 16 अगस्त को सतोहा गांव में रात्रि ग्यारह बजे हम चोरी को गये थे। वहां पर एक बूढे व्यक्ति ने हमें पकड़ने की कोशिश की। हमने उसे चुप रहने के लिये कहा तो वह नहीं माना। तब हमने इसी तमंचे से उसमें गोली मार दी और जो दूसरा व्यक्ति पीछे दौड़ रहा था उसको पत्थर मारकर घायल कर दिया। घटना के समय एक मोबाइल चारपाई से हमने उठाया। घटना के समय सोनू व चिंटू भी हमारे साथ थे।





