सपा महासचिव ने गोवर्धनवासियों को सौंपी तहसील

गोवर्धन में नवसृजित तहसील का उदघाटन करते समाजवादी पार्टी के महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव। साथ हैं जिलाधिकारी राजेश कुमार।

 

मथुरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने आज गोवर्धन में नवसृजित तहसील के अस्थाई भवन का फीता काटकर शुभारंभ किया और गोवर्धनवासियों को तसहील सौंपी। इस अवसर पर उत्साहित सपा नेता ने कहा कि गोवर्धन जैसे परम धाम में आज तहसील के शुभारंभ का मुझे जो मौका मिला, उसके लिये मैं ब्रजवासियों का आभारी हूँ।  यूपी सरकार ने सबसे पहले मथुरा, वृन्दावन क्षेत्र में ही विकास की घोषणाएं कीं। गोवर्धन के तहसील बनने से आसपास के गांवों के किसानों को अब मथुरा नहीं जाना पड़ेगा। उनकी परेशानियां कम होंगी, वरना 25 किमी उन्हें चलना पड़ता था। उन्होंने कहा कि डीएम और तहसील के कर्मचारियों को किसान और जनमानस से अच्छा व्यवहार करना होगा, जिससे किसानों के मन में सरकार के प्रति भावना जागृत हो। प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि फिलहाल दो वर्ष तक इसी भवन में गोवर्धन तहसील का काम शुरू हो रहा है लेकिन बाद में नये भवन का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने नयी तहसील बनाने के लिये सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को धन्यवाद दिया और जिलाधिकारी से कहा कि वे तहसील से संबंधित विभागीय अधिकारियों से कहें कि वे जनमानस से मधुर व्यवहार करें। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. राकेश सिंह ने कहा कि हम किसी भी प्रकार की असुविधा यहां नहीं होने देंगे। हमारा कार्य जो होगा उसे हम करेंगे। अब जनता को जिला मुख्यालय आने की जरूरत नहीं है। पूरी तरह से यहां सुरक्षा व्यवस्था चैकस रखी जायेगी। किसी भी ग्रामीण भाई को कोई परेशानी नहीं होने देंगे। डीएम राजेश कुमार ने कहा कि यहां पर 58 लेखपाल, 2 नायब तहसीलदार, एसडीएम, सीओ की तैनाती जल्द ही की जायेगी। उन्होंने बताया कि यहां चार न्याय पंचायतों को जोड़ा गया है जिनमें सौंख, गोवर्धन, राधाकुण्ड, बरसाना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यहां से मुख्यालय करीब 25 किमी होने से किसानों को भारी परेशानी होती थी लेकिन अब नई तहसील बनने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा ने की। इस अवसर पर राज्यमंत्री राकेश यादव, विधायक रामवीर सिंह, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष नागेन्द्र प्रताप, सचिव एसबी सिंह, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ठा. किशोर सिंह, पूर्व विधायक कुशलपाल सिंह, गोवर्धन नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि रामधन शर्मा, महानगर अध्यक्ष डाॅ. अशोक अग्रवाल, सतीश अग्रवाल ‘ब्रजवासी’, गोवर्धन विधानसभा अध्यक्ष मुकेश सिकरवार, पंडित खेमचंद शर्मा, वीरे अग्रवाल ड्यूक पैलेस, मथुरा के सभासद प्रदीप यादव पप्पन, तनवीर अहमद, सहित भारी संख्या में सपाई मौजूद थे।

 

पेड़ा खाकर दो दिन रहा हूँ बीमारः रामगोपाल

गोवर्धन की नई तहसील भवन के उदघाटन के मौके पर आज सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि वे वृन्दावन में दर्शन करने आये थे। बिहारीजी के दर्शन के बाद उन्हें प्रसाद में पेड़ा मिला, जिसे खाकर वे दो दिन तक बीमार रहे। इसीलिये मैंने जिलाधिकारी से कहा है कि वे खाद्य विभाग को सचेत करें कि कोई भी ऐसा सामान प्रसाद में न बेचे जिससे श्रद्धालुओं को रोगी बनना पड़े और वे गलत भावना और संदेश लेकर अपने घर पंहुचें। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे भगवान के लिये अर्पित किये जाने वाले प्रसाद और दूध में शुद्धता बनाये रखें। क्योंकि यह भगवान के निमित्त जाता है। फायदा आपको और भी हो सकता है लेकिन भगवान के काम में मिलावट और धोखाधड़ी न करें।

 

परिक्रमा मार्ग के आसपास बड़े जलाशय का होगा निर्माण

रामगोपाल यादव ने इस दौरान कहा कि मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नागेन्द्र प्रताप ने मुझे बताया कि गोवर्धन परिक्रमा मार्ग को चमन कर दिया गया है। अब रात्रि में भी रोशनी रहती है। वे परिक्रमा मार्ग के आसपास एक बड़े जलाशय का निर्माण कराने जा रहे हैं ताकि परिक्रमा के आसपास से गुजरने वाले वाहनों से भी निजात मिल जायेगी। पूरे परिक्रमा मार्ग को बीसी की देखरेख में अच्छा बनाया जा रहा है। 

 

जल्द मिलेगी जाम की समस्या से निजात

गोवर्धन एक प्रमुख धार्मिक स्थल है और यहां भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं यहां से जुड़ने वाली सभी सड़कें अच्छी होनी चाहिये। यहां जाम की समस्या का निदान जल्द ही किया जायेगा। जल्द ही गोवर्धनवासियों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से निजात मिल सकेगीं राजस्व विभाग इसको लेकर बहुत जल्द ही नया कदम उठाने वाला है।


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti