मथुरा। सब रजिस्टार कार्यालय महावन में अनियमितताएं और गैर सरकारी लोगों से गोपनीय कार्य कराए जाने तथा जमीन के बैनामा में इजादी की रकम अवैध रूप से वसूले जाने का आरोप लगाते हुए तहसील क्षेत्र के ही एक पीडि़त ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सब रजिस्टार के खिलाफ जांच कराने की मांग की है। तहसील महावन क्षेत्र के गांव रायपुर मई निवासी अशोक कुमार द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सब रजिस्टार ने आधा दर्जन से अधिक बाहरी युवकों को कार्यालय में बैठाया जा रहा है। जो कंप्यूटर पर काम करने के साथ विभिन्न गोपनीय दस्तावेजों में भी हेरफेर करते रहते हैं। इन्हीं लोगों के द्वारा बैनामा किए जाने के बदले रिश्वत की रकम वसूली जाती है। जबकि यहां तैनात कर्मचारी सिर्फ कुर्सियों पर बैठे नजर आते हैं। अशोक कुमार ने सब रजिस्टार कार्यालय की गोपनीय जांच कराने के साथ ही उपनिबंधक के क्रियाकलापों की जांच की मांग की है।





