पत्नी को लेने आया था युवक
मथुरा। थाना जमुनापार क्षेत्र के गांव गौसना में बीती रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गयी तो मौके पर स्थानीय लोगांे का तांता लग गया। हत्या करने वाले व्यक्ति का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। वहीं मृतक के भाई रविन्द्र ने पुलिस को भाई के ससुरालीजनों के खिलाफ तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना नौहझील के गांव मिटठौली के रहने वाले 26 वर्षीय राजू पुत्र महेन्द्र सिंह का विवाह जमुनापार के गांव गौसना के रहने वाले रमेश चन्द्र की पुत्री रेखा से तीन वर्ष पहले हुआ था। शादी के बाद से ही रेखा ससुराल में कम रहती थी। आये दिन इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा भी होता रहता था। मृतक राजू पेशे से राजमिस्त्री था व नोएडा में काम कर रहा था। बीते तीन दिन पूर्व रेखा का पिता रमेशचन्द्र अपनी पुत्री को मिटठौली से लेकर अपने गांव गौसना आ गया था। जैसे ही इस बात की जानकारी राजू को हुयी तो वह अपने गांव मिटठौली आ अगया व परिजनों से पत्नी को ससुराल जाने देने की बात पर बिगड़ गया। वहीं वह बीती रात करीब सात बजे मोटरसाईकिल से अपनी पत्नी को लेने गौसना चला आया। मृतक के भाई रविन्द्र ने बताया कि उसके भाई की ससुराल गौसना में हत्या कर दी गयी है। ससुरालीजन बात को छिपा रहे हैं। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। मृतक के भाई ने रोते बिलखते ये भी बताया कि ससुरालीजन हत्या के बाद मनगढंत कहानी बयां कर रहे थे कि राजू ने स्वयं पेट में चाकू घोंपा है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी मौके पर नहीं मिला है ना ही भाई को कहीं अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे घटना संदिग्ध लग रही है।





