सांसद के अचानक भ्रमण से हड़कंप

सौ शैय्या अस्पताल ने नहीं दिखाई दिया स्टाफ

मथुरा। जनपद के दो दिवसीय भ्रमण पर आई सांसद हेमामालिनी का आज उस समय पारा चढ़ गया जब अचानक वृंदावन पहुंच सौ शैय्या अस्पताल में कोई भी चिकित्सक तो दूर एक भी स्वास्थ्य कर्मी नजर नहीं आया। उनके निरीक्षण की खबर मिलते ही अस्पताल के सीएमएस सांसद के होटल पहुंच गिड़गिड़ाने लगे। अपनी सफाई में सीएमएस ने कहा कि आज अवकाश होने के कारण 11 बजे के बाद चिकित्सक वहां आए परंतु उनकी सफाई से सांसद संतुष्ट नजर नहीं आई। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस बारे में शिकायत करने का निर्णय ले लिया है। इससे पूर्व सांसद दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे से आने के दौरान पानीगांव के पास उन्होंने थीम पार्क बनाने के लिए कई स्थान देखे। इसके पश्चात एमवीडीए की दारूक पार्किंग के समीप मजबूत पंडाल बनवाने के लिए भूमि को भी देखा। उनका कहना है कि वृंदावन में आए दिन बड़े समारोह होते है, उसके लिए एक सरकारी विशाल पंडाल बनना आवश्यक है। सांसद हेमामालिनी यहां से अपनी टीम के साथ श्रीकृष्ण जन्मस्थान के सामने जगन्नाथपुरी काॅलौनी पहुंची, वहां उन्हें कार्यकर्ताओं ने जीर्णशीर्ण प्राइमरी स्कूल दिखाया, जिसकी दयनीय स्थिति देख उपस्थित सरकारी अधिकारियों से कहा कि वह स्कूल की बिल्डिंग के निर्माण का स्टीमेट बना धनराशि स्वीकृत कर नया स्कूल भवन तैयार करवाएं। भ्रमण के दौरान सांसद हेमामालिनी डैम्पीयर नगर स्थित मुक्ताकाशीय रंगमंच पर पहुंची वहां उनको प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सीपी सिंह ने वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी दी। सांसद ने इस संबंध में अपने सुझाव भी व्यक्त किए। यहां से वह अपने आदर्श गांव रावल (जिसे गोद लिया गया) प्रस्थान कर गईं। भ्रमण के दौरान उनके साथ भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। 


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti