ऐसे जनहितकारी कार्यों की मथुरा को ही नहीं पूरे देश को जरूरत- हेमा मालिनी
मथुरा। लाभ अर्जित न कर विशुद्व सेवा भाव से लागत मूल्य पर विश्वसनीय औषधि उपलब्ध कराने के लिए एसवीसी फाउन्डेशन द्वारा मथुरा के मध्य केन्द्र स्थल तिलक द्वार में अत्याधुनिक मैडीकल शाॅप का उद्घाटन सांसद श्रीमती हेमा मालिनी द्वारा किया गया। फाउन्डेशन द्वारा यहाँ सभी रोगों की चार हजार से अधिक प्रकार औषधियाँ स्टाॅक में रखी गई थीं। औपचारिक उद्घाटन के पश्चात् अप्सरा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हेमा मालिनी, मथुरा के विधायक एवं कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता प्रदीप माथुर, पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री तथा माँट क्षेत्र के विधायक श्याम सुन्दर शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मनीषा गुप्ता और ईश्वर के रूप में रोगियों की निःस्वार्थ सेवा में समर्पित वीके सुरेका ने आचार्य देवो पंडित द्वारा मंगलाचरण के मध्य दीप प्रज्वलन किया। कार्यक्रम में विश्वनाथ पाठक ने सांसद हेमा मालिनी, अम्बुज चतुर्वेदी ने विधायक प्रदीप माथुर, रमेश गर्ग ने श्याम सुन्दर शर्मा, श्रीमती देविका चतुर्वेदी ने मनीषा गुप्ता, डा0 रमा चतुर्वेदी ने श्रीमती अलका चतुर्वेदी तथा अम्बुज चतुर्वेदी ने वी0के0 सुरेका का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। ममता चतुर्वेदी एवं प्रभा चतुर्वेदी ने भी सासंद हेमा मालिनी का अभिनन्दन किया। इसी क्रम में सेवा प्रकल्प में महत्वपूर्ण योगदान करने हेतु सांसद हेमा मालिनी ने वी0 के0 सुरेका, विधायक प्रदीप माथुर ने अरविन्दम चतुर्वेदी, श्याम सुन्दर शर्मा ने सुखदेव चतुर्वेदी तथा श्रीमती मनीषा गुप्ता ने समर्थ चतुर्वेदी का शाॅल उढ़ाकर और अभिनन्दन पत्र भेंट कर सम्मान किया। रमेश गर्ग ने सेवा प्रकल्प की सराहना में काव-पाठ कर तालियाँ बटोरीं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हेमा मालिनी ने कहा कि उन्होंने रावल गाँव को गोद लिया है और गाँव में शिक्षा, चिकित्सा और सफाई की दयनीय स्थिति को देखा है। सुरेश चतुर्वेदी ने जिस सेवा कार्य का संकल्प लिया है वह रावल गाँव या मथुरा ही नहीं पूरे देश की आज महती आवश्यकता है। आज मथुरा में जो कार्य प्रारंभ हुआ है वह पूरे देश को प्रेरणा प्रदान करेगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए मोहन स्वरूप भाटिया ने प्रारंभिक उद्बोधन में कहा कि आज अधिकाश व्यक्ति प्रदूषित वातावरण, प्रदूषित जल, सिन्थेटिक दूध, मिलावटी खाद्य पदार्थ आदि के कारण अस्वस्थ हैं। डाॅक्टर्स का अभाव है, औषधियाँ बहुत महँगी हैं। इन समस्याओं ने सुरेश चतुर्वेदी को विचलित किया और उन्होंने पीडि़त मानवता की सेवा का ऐतिहासिक कार्य किया है। औषधि सेवा के साथ उन्होंने 500 चतुर्वेदी परिवारों के निःशुल्क बीमा करने का अभूतपूर्व कार्य किया है। अफ्रीकी देश इशोपिया में इन्डिया आई केयर की स्थापना की जहाँ हजारों नेत्र रोगियों को लाभ मिला है। यहाँ इस देश के राष्ट्रपति ने भी अपना आपरेशन कराया था। इससे इस संस्थान की महत्वा समझी जा सकती है। कार्यक्रम के अन्त में श्रीमती अलका चतुर्वेदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।





