जगह-जगह आतिशबाजी व मिठाई बांट फूंका पाकिस्तान का पुतला
मथुरा : भारतीय फौज ने एलओसी के पार पीओके में पाकिस्तान की ओर से आए आतंकियों पर जबरदस्त हमला बोला। जिनमें आतंकवादियों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई आतंकवादी मारे गए हैं। सेना द्वारा आतंकवादियों को निशाना बनाने के लिए की गई इस कार्रवाई से कृष्ण की नगरी में खुशी की लहर दौड गई। ब्रजवासियों ने सेना को इस कार्य के लिए सराहा। शहर व देहातों में खुशी का यह आलम था कि लोगों ने जगह-जगह आतिशबाजी फोड मिठाईयां बांटी और पाकिस्तान का पुतला भी फूंका।
सेना के मुताबिक आतंकियों के 3-4 लॉन्चपैड पर सेना ने हमला बोला जिसमें आतंकियों को तगड़ा नुकसान पहुंचा। इसे बुधवार रात्रि को अंजाम दिया गया। यहां आतंकियों से बरामद हथियारों पर पाकिस्तान के निशान मिले। गुरूवार सुबह जब कृष्ण की नगरी में लोग सो कर उठे तो उन्हें सेना द्वारा पाक सीमा के अंदर घुसकर आतंकियों को मारने की जानकारी मिलते ही लोगों में खुशी की लहर दौड गई और घरों से बाहर निकल आये। हर जगह हर समुदाय के लोग सेना के जवानों की तारीफ करते नहीं थक रहे थे। उनका कहना था कि देर से ही सही लेकिन सेना द्वारा उरी हमले का पाक से बदला ले लिया गया है। इस संबंध में बार के पूर्व सचिव भानुप्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि सेना द्वारा किया गया हमला पाक के ऊपर करारा तमाचा है। इससे दुनिया में हमारी सेना व देश का अच्छा संदेश जायेगा। हाजी अंसार, मकसूद भाई, सभासद इकबाल कुरैशी, जमील कुरैशी समते हर मुस्लिम भाई ने सेना की इस कार्यवाही को सराहते हुए कहा कि हम सब सेना के साथ हैं। पाकिस्तान के मंसूबे कभी पूरे नहीं होने दिये जायेंगे। कश्मीर हमारा था, हमारा रहेगा। प्रगतिशील जाट महासंघ के जिलाध्यक्ष डा०कपिल प्रताप सिंह, माध्यमिक संघ के पूर्व अध्यक्ष डा०महीपाल ङ्क्षसह, रालोद के युवा नेता रवि पचेहरा बाबा ने कहा कि यह कार्यवाही काफी पहले हो जानी थी लेकिन सेना द्वारा की गई यह कार्यवाही सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से सारे कूटनीतिक रिश्ते खत्म कर देने चाहिए। अब भी अगर पाक नहीं माने तो इससे भी बडी कार्यवाही की जानी चाहिए।






Related Items
अब अंतरिक्ष व साइबर स्पेस के लिए भी तैयार है हिंद की सेना
भारतीय वायु सेना ने शुरू की मोबाइल हेल्थ एप्प
विभिन्न अपराधें में ढाई दर्जन के खिलापफ कार्यवाही