राजपुर के सैकड़ों महिला, पुरूषों ने घेरी वृन्दावन कोतवाली
बेहोश होकर गिर पड़ी मृतक की पत्नी
मथुरा। कोतवाली वृन्दावन क्षेत्र अंतर्गत हत्या के मामले में अभी तक गिरफ्तारी न होने से नाराज मृतक के परिवारीजनों ने शुक्रवार वृन्दावन कोतवाली को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मृतक की पत्नी कोतवाली में ही बेहोश होकर गिर पड़ी जिसे बाद में पानी पिलाकर होश में लाया गया। आज राजपुर निवासी सैकड़ों महिला पुरूषों ने कोतवाली घेरकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का अरोप था कि पुलिस दीपक काण्ड में कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। पुलिस के साथ तीखी नोंकझोंक के बाद थाना परिषद में मृतक की पत्नी रेखा बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डाॅक्टर द्वारा आत्महत्या दर्शायी गई है। वहीं अभी तक पीड़ित परिवार द्वारा किसी भी गवाह के बारे में लिखित में नहीं दिया गया है।
ज्ञात रहे कि गत 11 जून को सुबह सात बजे गांव वालों को दीपक फांसी पर लटका हुआ गुरूकुल के एक खंडहर में मिला था। मृतक दीपक के चाचा नन्दकिशोर ने रिपोर्ट में विशाल और भोजराज पर दस जून को सुबह 11 बजे अपने साथ घर से ले जाने का अरोप लगया है। वहीं उनका यह भी आरोप है कि दीपक को षड़यंत्र के तहत फांसी के फंदे पर लटकाया गया था। मामले की जांच कर रहे कोतवाली प्रभारी मुनीशचन्द्र मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रहे हैं।





