
वृन्दावन । सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ डाॅ0 राजेन्द्र कृष्ण अग्रवाल को उनकी दीर्घकालीन संगीत-सेवाओं के उपलक्ष्य में स्वामी श्री मेघश्याम स्मृति-सम्मान-2014 प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें श्री ब्रज निधि सेवा ट्रस्ट, वृन्दावन द्वारा ब्रज के मूर्धन्य रासलीलाचार्य, अप्रतिम कवि और लोकगायक श्री स्वामी मेघश्याम जी के 114वें जयन्ती समारोह में प्रख्यात सिने तारिका, भरतनाट्यम नृत्यांगना एवं मथुरा की सांसद श्रीमती हेमामालिनी द्वारा प्रदान किया गया। पद्मश्री स्वामी रामस्वरूप शर्मा जी के लीला पण्डाल ‘श्री रामकृष्ण लीलाश्रम‘ मेें हज़ारों दर्शकों की भारी भीड़ और करतल ध्वनि के मध्य हेमामालिनी ने पहले अंगवस्त्र ओढ़ाकर व हार पहिनाकर, नकद धनराशि सहित सम्मान-पत्र भेंट किया, तदोपरान्त श्रीनाथ जी की हस्तनिर्मित विशाल छवि स्मृति स्वरूप प्रदान की। सम्मान से पूर्व ट्रस्ट की ओर से डाॅ0 अग्रवाल का विस्तार से परिचय दिया गया जिसमें उन्हें संगीत की विविध विधाओं के सिद्धहस्त आचार्य सहित काव्यकला, साहित्य, चित्रकला और नाट्य-मर्मज्ञ भी बताया गया। उन्हें पराशक्ति व संगीत-चिकित्सा के माध्यम से रोगियों व विकलांगों की सेवा करने वाला सच्चा सेवक तथा विभिन्न संस्थाओं व ट्रस्टों के माध्यम से समाज और संस्कृति की अहर्निश सेवा करने वाला समाजसेवी भी बताया गया। सम्मान समारोह का संचालन वरिष्ठ पत्रकार व उ0प्र0 संगीत नाटक अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष मोहन स्वरूप भाटिया ने किया।
देश के प्रख्यात संतप्रवर रमणरेती वाले महाराज श्री गुरू शरणानन्द जी की पावन सन्निधि में आयोजित इस सम्मान-समारोह में जगद्गुरू द्वाराचार्य श्री राजेन्द्र दास जी महाराज (मलूक पीठाधीश्वर), महामण्डलेश्वर स्वामी श्री अवशेषानन्द जी महाराज (श्री गीता आश्रम), श्री राजाबाबा महाराज सहित दर्जनों साधु सन्त, देश के दूर दराज क्षेत्रों से आये उद्योगपति, पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री व मांट विधायक श्याम सुन्दर शर्मा सहित विभिन्न दलों के नेता, कवि, साहित्यकार, संगीतज्ञ एवं शिक्षाविद् उपस्थित रहे।
ध्यातव्य है कुछ दिनों पूर्व ही अवन्तिका-सविता सम्मान से नवाजे गये डाॅ0 अग्रवाल को संगीत, काव्य, साहित्य, सम्पादन, समाज-सेवा आदि विविध क्षेत्रों में अब तक दर्जनों सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
विगत दिनों ही प्रख्यात सिने संगीतकार, गीतकार श्री रवीन्द्र जैन भी उनके आवास पर पधारे थे और उनके सपरिवार सेवा कार्याें की भूरि-भूरि प्रशंसा की थी तब वे हेमामालिनी जी की चुनावी सभाओं में प्रचार हेतु मथुरा पधारे थे और डाॅ0 राजेन्द्र कृष्ण जी व उनके पुत्र व शिष्यों ने उनके साथ कार्यक्रम में साथ दिया था।






Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS