मथुरा। शहर के होलीगेट चैराहे की एक दुकान से बीतीरात अज्ञात लोग हजारों की खेरीज और नगदी चुरा ले गए। वहीं बंगाली घाट क्षेत्र स्थित एक गेस्टहाउस के कमरे से लाखों की नगदी चोरी होने की खबर से पुलिस में हड़कंप मच गई। एसपी सिटी सहित पुलिस के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
केातवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के हृदयस्थल होलीगेट चैराहे पर ब्रजवासी मिठाई के ठीक बराबर पान और पुराने नोट बदलने की दुकान है। बताते है कि बीतीरात अज्ञात लोग छत के रास्ते इस दुकान में घुस गए और हजारों रुपए की नगदी व रेजगारी पार कर ले गए। व्यवसायियों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि संभवतः कंस वध मेले की सजावट को लेकर झालर आदि लगाने वाले लोगों का ही यह कारनामा रहा होगा। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरगिरधर मुरारी गेस्ट हाउस के एक कमरे से बीतीरात अज्ञात लोग दो बैग पार कर ले गए। जिनमें लाखों रुपए की नगदी बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी शैलेष पांडे, सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, इंस्पेक्टर कोतवाली सीबी सिंह, और फौरनसिंक टीम मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुटी है। इस संबंध में शहर कोतवाल ने बताया कि दो-तीन लोगों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है।





