114 वीं स्वामी मेघष्याम जयन्ती

मेघश्याम स्मृति सम्मान 3 अगस्त को

सुनील शर्मा

 ब्रज क्षेत्र के शीर्षस्थ लोक कवि, लोक गायक एवं रासलीला आचार्य स्वामी मेघश्याम शर्मा की 114 वीं जयन्ती के अवसर पर 3 अगस्त को सन्तप्रवर स्वामी गुरुशरणानन्द जी महाराज के सानिध्य में स्वामी मेघश्याम शर्मा स्मृति सम्मान का आयोजन किया जा रहा है। स्वामी मेघश्याम शर्मा जयन्ती समारोह समिति के प्रवक्ता मोहन स्वरूप भाटिया ने बताया कि कि राधा जी की सखी रंग देवी के गाँव कमई (बरसाना ) में जन्मे स्वामी मेघश्याम को कविता और संगीत की प्रतिभा दैवीय शक्ति के रूप में प्राप्त हुई थी। उन्होंने रसिया और रासलीलाओं में गाये जाने वाले पदों आदि काव्य विधाओं में उत्कृष्ट रचनाएँ कीं। उनके द्वारा लिखित रसिया आज लोकगीतों के रूप में ब्रज में ही नहीं अनेक प्रदेशों में भाषान्तर के साथ गाये जाते हैं।

उन्होंने बताया कि ‘ मैया करि दै मेरौ ब्याहु - मँगाइ दै दुल्हँन गोरी सी‘ लाखों लोगों द्वारा गाया जाता है किन्तु बहुत कम लोगों को यह पता है कि यह स्वामी मेघश्याम द्वारा रचित है। उनकी रचनाओं में उपमा, अलंकार, अनुप्रास सहज रूप में आ गये हैं।

     मोहन स्वरूप भाटिया ने बताया कि कमई जैसे छोटे गाँव में जन्म लेने के कारण वह उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके किन्तु उनके द्वारा रचित ‘श्याम भ्रमर‘ एम0 ए0 के पाठ्यक्रम मे स्वीकृत है। उन्होंने आगे बताया कि स्वामी मेघश्याम शर्मा को विद्या और वाणी दोनों का ही वरदान प्राप्त था। उनके यशस्वी पुत्र पद्मश्री स्वामी रामस्वरूप शर्मा ( पूर्व विधायक ) की गणना रससिद्ध गायकों में की जाती है किन्तु स्वामी जी कहते हंै कि उनके पिताजी उनसे भी बहुत अच्छा गाते थे।

     स्वामी मेघश्याम शर्मा की स्मृति में आयोजित सम्मान समारोह श्री रामकृष्ण लीलाश्रम पंडाल वृन्दावन में 3 अगस्त रविवार को सायंकाल 6 बजे आयोजित है जिसमें इस वर्ष का सर्वोच्च विशिष्ट सम्मान ब्रज विकास ट्रस्ट मुम्बई के अध्यक्ष तथा ब्रज के अनेक कुण्ड - सरोवरों का जीर्णोद्धार कराने वाले श्री सुरेश चतुर्वेदी को प्रदान किया जायगा।

    समारोह में समाज सेवा, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति संगीत, चिकित्सा, पत्रकारिता, ज्योतिष, राष्ट्र सेवा आदि क्षेत्रों में प्रदत्त सेवाओं हेतु सुश्री अलका लांबा, डा0 श्री भगवान शर्मा, श्रीमती शशि प्रभा तिवारी, डा0 देवेन्द्र कुमार, देवीदास गर्ग नागेन्द्र प्रताप , डा0 एस0 के0 शर्मा, डा0 राजेन्द्र कृष्ण अग्रवाल, डा0 भागवत कृष्ण नांगिया, तरुण कुमार राठी तथा कु0 प्रीति बागड़ी को सम्मानित किया जायगा।

    समिति के संयोजक राम वल्लभ शर्मा एवं अनूप शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश गौतम, देवेन्द्र शर्मा, महेन्द्र शर्मा, जगदीश नीलम तथा स्वागत समिति सदस्यगण रमेशचन्द्र शर्मा, डा0 मनोज मोहन शास्त्री, हरि वल्लभ शर्मा,  नूतन कृष्ण शर्मा नित्यानन्द शर्मा, डा0 बड़े ठाकुर, दिव्यांग शर्मा तथा पद्मक्षी शर्मा ने सन्तगण , साहित्यकार, कवि एवं ब्रज क्षेत्र के नागरिकों से समारोह में उपस्थिति का अनुरोध किया है।

 


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login



Related Items

  1. सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS




Mediabharti