पुलिस प्रशासन के उड़े होश, 19 मजदूर दे रहे हैं हथियार बनाने की टेªनिंग
मथुरा। बरसाना थाने के गांव हाथिया से गिरफ्तार किये गये देसी हथियार बनाने के दो कारीगरों के उगले राज से पुलिस हैरान है। गांव में 19 कारीगर हुबहू फैक्ट्री मेड देसी हथियार तैयार करने का युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। यहां के हथियारों के 53 सौदागर के सम्बन्ध में भी दोनों से पुख्ता जानकारी पुलिस को मिली है।
विगत दिनों रिजर्व पुलिस लाइन में एसपी देहात शगुन गौतम की पत्रकार वार्ता में थाना क्षेत्र हाथिया से गिरफ्तार हुए गांव के ही निवासी अरशद मेव और भरतपुर जनपद के गांव गावड़ी निवासी शहनूर मेव के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि इन दोनों को हाथिया पलसों के बीच से एक एबीएमएल बंदूक (लाइसेंसी), पांच देशी बंदूक, चार रायफल, तीन तमंचा और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने इन्ही की निशानदेही पर आधा दर्जन से अधिक फैक्ट्रियों पर भी छापा मार कार्यवाही भारी मात्रा में अधबने हथियार और हथियार बनाने के करीब 10 बोरा उपकरणों भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
इस कार्यवाही में पुलिस भी ये जानकार भौचक्की रह गयी कि ये दोनों यहां हुबहू फैक्ट्री मेड देसी हथियार बनाते थे। दोनों आरोपियों द्वारा पुलिस को पूछताछ में दी गयी जानकारी और भी चकित कर देने वाली मिली। दोनों ने पुलिस को बताया कि गांव हाथिया में 19 कारीगर गांव के युवाओं को हथियार बनाने का प्रशिक्षण दे रहे हैं। गांव में करीब बीस फैक्ट्रियों में हथियार बनाने का काम किया जा रहा है। फैक्ट्रियों से फिलहाल हथियारों के 53 सौदागर जुड़े हैं। एसपी देहात ने बताया कि हथियारों के सभी सौदागरों के नाम, पते और छिपने के ठिकानों की भी पुख्ता जानकारी पुलिस को मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।





