क्या हो अगर एक छोटी सी बच्ची यह तय कर ले कि कुछ परंपराओं का सिर्फ आंख बंद करके पालन नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके साथ मिलकर नृत्य करना चाहिए? क्या हो अगर वह एक ऐसी दुनिया में कदम रखने की हिम्मत करे, जहां पारंपरिक रूप से पुरुषों के शरीर पर बाघ की धारियां बनाई जाती हैं और वह पूछे, "मैं क्यों नहीं?"
यह कहानी है उड़ीसा के एक दूर-दराज गांव की 11 साल की बच्ची, मिनी की। यह बच्ची मिनी 'बाघा नाचा' कलाकार बनने का सपना देखती है। 'बाघा नाचा' एक पारंपरिक बाघ नृत्य है, जिस पर लंबे समय से पुरुषों का ही दबदबा रहा है। मिनी इस सांस्कृतिक परंपरा को अपनी शर्तों पर अपनाना चाहती है। उसके लिए, यह सिर्फ एक नृत्य करने की बात नहीं है, बल्कि सपने देखने, पुरानी परंपराओं को चुनौती देने और अपने जुनून को पूरा करने की आज़ादी पाने की बात है।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित, 'बघुनी' (डांस लाइक अ टाइगर) - एक ऐसी युवा लड़की की कहानी है, जो समाज में गहराई से जड़े लैंगिक रूढ़िवादी विचारों को चुनौती देने का दृढ़ संकल्प लेती है। इस फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता जितेंद्र मिश्रा ने लिखा और निर्देशित किया है। उड़ीसा की जीवंत लोक परंपराओं की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म लैंगिक बाधाओं, सामाजिक सोच, सांस्कृतिक पहचान और स्थापित नियमों पर सवाल उठाने के साहस को दर्शाती है। इस फिल्म का भव्य प्रीमियर 22 नवंबर को गोआ में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हुआ।
फिल्म के बारे में निर्देशक जितेंद्र मिश्रा बताते हैं कि हालांकि 'बाघा नाचा' फिल्म की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि है, लेकिन मूल रूप से यह कहानी लैंगिक समानता, साहस और मानवीय जज्बे का प्रदर्शन करती है। उड़ीसा के बेरहामपुर में की गई व्यापक शोध पर आधारित इस फिल्म में राज्यभर से ऑडिशन के जरिए चुने गए स्थानीय बच्चों ने भी काम किया है। इन बच्चों को कई महीनों तक अनुभवी अभिनेता सब्यसाची मिश्रा के साथ प्रशिक्षण दिया गया था।
प्रसिद्ध उड़िया अभिनेता सब्यसाची मिश्रा ने 'बघुनी' को बेहतरीन कहानी और उड़ीसा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक शानदार मिश्रण बताया। उन्होंने बताया कि पारंपरिक बाघ नृत्य 'बाघा नाचा' और 'बघुनी' के बीच का अंतर इस कहानी का मुख्य हिस्सा है, जो फिल्म को और अधिक गहरा और दिलचस्प बनाता है।
'बाघा नाचा' कलाकार की भूमिका निभाने के अपने अनुभव को साझा करते हुए, सब्यसाची कहते हैं कि उन्होंने अपना 30 किलो वजन कम किया और इस किरदार को पूरी तरह से असली दिखाने के लिए कड़ी शारीरिक और आध्यात्मिक तैयारी की। उन्होंने इस लोक कला से जुड़ी कठिन रीतियों और शरीर पर घंटों तक की जाने वाली जटिल पेंटिंग के बारे में भी बताया; इस कला में कलाकार को देवी 'मां भगवती बुढ़ी ठाकुरानी' का रूप माना जाता है। फिल्म के वैश्विक स्तर पर पसंद किए जाने का भरोसा जताते हुए, उन्होंने कहा कि 'बघुनी' क्षेत्रीय उड़िया सिनेमा के लिए एक नया मानक स्थापित कर सकती है।

Related Items
दुनिया में मुद्दों के मेले, मेले में हम हैं अकेले...!
विकास और सामाजिक संतुलन के सामने बड़ी चुनौती है अवैध घुसपैठ
हिंसा और तपती ज़मीन से जूझती दुनिया ‘बापू’ को नहीं कर सकती है अनदेखा