पोर्ट ऑफ स्पेन । कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) टी20 टूर्नामेंट के चौथे संस्करण के उद्घाटन मुकाबले में बुधवार को सेंट लूसिया जाउक्स ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को पांच गेंद रहते छह विकेट से हरा दिया। सेंट लूसिया के कप्तान डेरेन सैमी हैं, जबकि ट्रिनबागो की कमान ड्वेन ब्रावो के पास है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रिनबागो ने 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन का स्कोर खड़ा किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज डेरेन ब्रावो ने 44 गेंदों पर दो चौकों व चार छक्कों की बदौलत सर्वाधिक 63 रन की पारी खेली। ब्रावो के अलावा पाकिस्तानी विकेटकीपर उमर अकमल व दक्षिण अफ्रीकी ओपनर हाशिम अमला ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। उमर ने 28 गेंदों पर दो चौकों व एक छक्के की मदद से 30 और अमला ने 21 गेंदों पर दो चौकों व एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए। न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम ने 12 और दक्षिण अफ्रीका के कोलिन मुनरो ने 11 रन का योगदान दिया। ड्वेन ब्रावो व केवोन कूपर 1-1 रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज शेन वाटसन ने तीन और मोर्न मोर्केल, डेरोन डेविस व नितिश कुमार ने 1-1 विकेट चटकाया। जवाब में सेंट लूसिया ने 19.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर मंजिल हासिल कर ली। जॉनसन चार्ल्स ने 38 गेंदों पर छह चौकों व एक छक्के के सहारे 52 रन जुटाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर ने 20 गेंदों पर चार चौकों व एक छक्के की मदद से नाबाद 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। विकेटकीपर आंद्रे फ्लेचर की 22 गेंदों में 23 रन की पारी में एक भी बाउंड्री शुमार नहीं रही। वाटसन ने 15 गेंदों पर दो चौके व एक छक्का लगा 16 रन बनाए। माइकल हसी ने भी 16 गेंदों पर 16 रन बनाए। सैमी पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। स्पिनर सुनील नरेन व ब्रावो ने 2-2 विकेट झटके।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
मोदी ने किया ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के प्रथम चरण का उद्घाटन
पंकज ने जीती विश्व बिलियडर्स चैंपियनशिप
उपचुनाव नतीजे-नेपानगर से बीजेपी जीती,तमिलनाडु की तीनों सीटों पर AIADMK को बढ़त