भारत ने वामपंथी उग्रवाद से प्रभावी रूप से मुक्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अब देश का कोई भी जिला वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित नहीं है। यह परिवर्तन एकीकृत रणनीति के परिणामस्वरूप संभव हुआ है, जिसमें सुरक्षा अभियान, बुनियादी ढांचे का विस्तार, आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों का पुनर्वास, जनजातीय कल्याण और सुशासन जैसे पहलुओं को शामिल किया गया। इस समन्वित दृष्टिकोण से हिंसा की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है, दूरदराज के क्षेत्रों में सरकारी उपस्थिति मजबूत हुई है और समावेशी विकास को गति मिली है। इससे इन क्षेत्रों में शांति, स्थिरता और समृद्धि की स्थायी नींव तैयार करने में मदद मिली है।
भारत लगभग छह दशकों तक वामपंथी उग्रवाद की चुनौती से जूझता रहा। यह कोई दूर की या काल्पनिक समस्या नहीं थी, बल्कि लाखों जनजातीय परिवारों और उन गांवों के लोगों की रोजमर्रा की हकीकत थी, जो सड़कों, स्कूलों तथा समावेशी विकास के व्यापक अवसरों से वंचित थे। इन क्षेत्रों में लगातार हिंसा का माहौल बना रहता था और लोगों का दैनिक जीवन अनिश्चितता से भरा होता था।
इस स्थिति में 31 मार्च को ऐतिहासिक बदलाव आया। यह भारत की आंतरिक सुरक्षा के सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ, जब देश नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो गया। इससे पहले, ‘रेड कॉरिडोर’, यानी नक्सल प्रभावित क्षेत्र देश की आंतरिक सुरक्षा के सामने मौजूद सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक थे। इससे पहले अपनाई गई रणनीतियां काफी हद तक बिखरी हुई थीं और मुख्य रूप से घटनाओं पर प्रतिक्रिया देने तक सीमित थीं। समस्या की मूल वजहों को दूर करने के बजाय उसके लक्षणों पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया जाता था। बाद में, इस चुनौती से निपटने के लिए अधिक व्यापक और एकीकृत रणनीति अपनाई गई।
पिछले एक दशक में तीन परस्पर पूरक रणनीतियों के माध्यम से यह बदलाव संभव हुआ है। पहली रणनीति के तहत सुरक्षा अभियानों को मजबूत किया गया, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया, आत्मसमर्पण और पुनर्वास के लिए व्यवस्थित ढांचा तैयार किया गया तथा स्थानीय समुदायों तक निरंतर पहुंच बनाई गई। दूसरी रणनीति के तहत बुनियादी ढांचे का विस्तार किया गया, जिसमें भौतिक और डिजिटल कनेक्टिविटी में सुधार, दूरदराज के क्षेत्रों तक शासन की पहुंच बढ़ाना और स्थायी आर्थिक अवसर उपलब्ध कराना शामिल था। तीसरी रणनीति का केंद्र कल्याणकारी योजनाएं रहीं, जिनका उद्देश्य लोगों को सम्मानजनक जीवन के अवसर प्रदान करना, समावेशी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करना तथा प्रभावित समुदायों को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ना था।
इनमें से हर एक पहलू दूसरे को मजबूत बनाता था। सुरक्षा ने विकास के लिए जगह बनाई। विकास ने भरोसे को गहरा किया। भरोसे ने कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई। यह कोई क्रम नहीं था; बल्कि यह प्रगति की एक ऐसी कड़ी थी जिसे अलग नहीं किया जा सकता है।
इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य संवेदनशील एवं दूरदराज के क्षेत्रों में सरकारी उपस्थिति सुनिश्चित करके लोगों का भरोसा और विश्वास बहाल करना था। इसके तहत सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक संस्थानों के बीच समन्वय को मजबूत किया गया, ताकि किसी भी परिस्थिति में प्रभावी ढंग से कार्रवाई की जा सके। इस पहल से स्थानीय समुदायों और सरकारी व्यवस्था के बीच लंबे समय से बनी दूरी को कम करने में मदद मिली।
वामपंथी उग्रवाद की शुरुआत वर्ष 1967 में पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी विद्रोह से हुई थी। यह आंदोलन माओवादी विचारधारा और सशस्त्र क्रांति के सिद्धांत से प्रेरित था। इसका मूल विचार था कि सत्ता बंदूक की नली से हासिल की जा सकती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, नक्सलियों के लगभग 92 प्रतिशत हथियार सीधे पुलिस के शस्त्रागारों से लूटे गए थे। समय के साथ, वर्ष 2004 में कई उग्रवादी संगठन मिलकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) यानी सीपीआई के तहत एकजुट हो गए। इसके बाद यह संगठन भारत की आंतरिक सुरक्षा के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन गया।
वर्ष 2004 से 2014 तक का दशक वामपंथी उग्रवाद के इतिहास के सबसे हिंसक दौरों में से एक था। साल 2010 में हिंसा अपने चरम पर पहुंच गई, जब एक ही वर्ष में 1,936 हिंसक घटनाएं दर्ज की गईं और 720 आम नागरिकों की जान गई। इस पूरे दशक के दौरान कुल 17,542 हिंसक घटनाएं हुईं, जिनमें सुरक्षा बलों के 1,913 जवान और 5,019 आम नागरिक मारे गए।
उस समय वामपंथी उग्रवाद से निपटने के लिए कोई एकीकृत राष्ट्रीय नीति नहीं थी। विभिन्न राज्य सरकारें आपसी समन्वय के अभाव में अलग-अलग तरीके से काम कर रही थीं। हालांकि, वर्ष 2009 में सरकार ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि नक्सलवाद देश के सामने मौजूद सबसे बड़ी आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों में से एक है और इसका भौगोलिक विस्तार कश्मीर तथा पूर्वोत्तर क्षेत्रों से भी कहीं अधिक है।
पहला निर्णायक कदम वर्ष 2015 में उठाया गया, जब वामपंथी उग्रवाद से निपटने के लिए ‘राष्ट्रीय नीति और कार्य योजना’ को मंजूरी दी गई। इसने पहले अपनाए जा रहे तदर्थ दृष्टिकोण की जगह एक व्यवस्थित और समग्र सरकारी रणनीति का मार्ग प्रशस्त किया। सुरक्षा उपायों के तहत राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, दूरदराज के क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने तथा राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। इसके अंतर्गत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती, विशेष प्रशिक्षण और ‘सुरक्षा संबंधी व्यय’, ‘विशेष बुनियादी ढांचा योजना’ तथा ‘विशेष केंद्रीय सहायता’ जैसी योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई।
इसके साथ ही, सुरक्षा उपायों के अलावा वामपंथी उग्रवाद के सामाजिक-आर्थिक मूल कारणों को दूर करने पर भी ध्यान दिया गया। वर्ष 2017 में विशेष केंद्रीय सहायता योजना की शुरुआत के बाद से अब तक लगभग 4,318.52 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
‘विशेष बुनियादी ढांचा योजना’ के तहत वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे राज्यों में विशेष बलों, विशेष खुफिया शाखाओं और जिला पुलिस को मजबूत करने के साथ-साथ किलेबंद पुलिस थानों के निर्माण के लिए 1,761 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
वर्ष 2014-15 से अब तक ‘सुरक्षा संबंधी व्यय’ योजना के तहत 3,877.98 करोड़ रुपये जारी किए गए। इस योजना का उद्देश्य सुरक्षा बलों की परिचालन संबंधी जरूरतों को पूरा करने, उनकी क्षमता बढ़ाने एवं प्रशिक्षण में सहायता करना; वामपंथी उग्रवाद छोड़कर आत्मसमर्पण करने वालों का पुनर्वास करना; तथा शहीद सुरक्षाकर्मियों और हिंसा में मारे गए नागरिकों के परिजनों को अनुग्रह राशि प्रदान करना है।
भारत ने पहली बार वामपंथी उग्रवाद से निपटने के लिए चार-सूत्रीय रणनीति पर आधारित एक व्यवस्थित और व्यापक दृष्टिकोण अपनाया। इसमें सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना, तीव्र विकास को बढ़ावा देना, अधिकारों और पात्रताओं को सुनिश्चित करना तथा जन-धारणा का प्रबंधन करना शामिल है। गृह मंत्रालय के तहत अधिक केंद्रीय रूप से समन्वित ढांचे के माध्यम से सरकार की इन पहलों को दिशा दी गई, जिससे नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने में मदद मिली।
भारत को नक्सलवाद के डर और हिंसा से मुक्त करने का लक्ष्य, केंद्रित योजना तथा समन्वित कार्रवाई के माध्यम से हासिल किया गया। 24 अगस्त 2024 को भारत सरकार ने इस साल 31 मार्च तक देश को नक्सल-मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा था। सुरक्षा अभियानों को तेज करने, बेहतर समन्वय, बुनियादी ढांचे के विस्तार और विकास कार्यों में तेजी लाने के जरिए, यह लक्ष्य तय समय पर पूरा कर लिया गया।
सरकार ने बुनियादी ढांचे के विस्तार, विशेष बलों की तैनाती और बेहतर परिचालन समन्वय के माध्यम से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी कमियों को व्यवस्थित तरीके से दूर किया। इस एकीकृत दृष्टिकोण से ‘रेड कॉरिडोर’ यानी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी उपस्थिति, आवागमन, खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान और उग्रवाद-विरोधी अभियानों की क्षमता को मजबूती मिली।
वर्ष 2014 से पहले मौजूद 169 सुरक्षा कैंपों की तुलना में अब 668 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, क्षेत्रों पर बेहतर नियंत्रण बनाए रखने और दूरदराज के जंगलों में निरंतर अभियान चलाने के लिए 615 किलेबंद पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं।
दूरदराज के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की त्वरित तैनाती के लिए 68 ऐसे हेलीपैड बनाए गए हैं, जहां रात के समय भी हेलीकॉप्टर उतर सकते हैं। इससे जवानों की आवाजाही, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और निगरानी गतिविधियों को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। इसके अलावा, सुरक्षा बलों को 400 बुलेटप्रूफ और विस्फोट-रोधी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। उनके कल्याण और चिकित्सा सहायता के लिए पांच अस्पताल भी बनाए गए हैं।
एक बहुस्तरीय और विशिष्ट सुरक्षा ढांचा विकसित किया गया, जिसके तहत कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन, यानी कोबरा, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, जिला रिजर्व गार्ड तथा झारखंड जगुआर, छत्तीसगढ़ पुलिस की विशेष इकाइयों और आंध्र प्रदेश के ग्रेहाउंड्स जैसे विशिष्ट राज्य बलों को एक साथ लाया गया। डीआरजी, एसटीएफ, सीआरपीएफ और कोबरा के संयुक्त प्रशिक्षण से स्पष्ट कमान संरचना वाला एक एकीकृत और अंतर-संचालनीय सुरक्षा बल तैयार हुआ।
केंद्र सरकार ने साल 2014 के बाद आधुनिक तकनीक के व्यापक उपयोग के माध्यम से नक्सल-विरोधी अभियानों की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव किया। मानवरहित हवाई वाहनों, ड्रोन, उपग्रह इमेजिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डेटा विश्लेषण की मदद से वास्तविक समय में निगरानी तथा सटीक सूचनाएं जुटाना संभव हुआ।
इसके अलावा, उन्नत लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम, कॉल लॉग का वैज्ञानिक विश्लेषण, मोबाइल डेटा एनालिटिक्स और सोशल मीडिया की निगरानी जैसी प्रणालियां भी लागू की गईं। गृह मंत्रालय ने इन तकनीकी माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं का उपयोग नक्सली गतिविधियों पर नजर रखने, संचार के तरीकों का विश्लेषण करने और अभियानों की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए किया।
सरकार की ‘ट्रेस, टारगेट, न्यूट्रलाइज’ नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सरकार ने लगातार चलाए गए सुरक्षा अभियानों और खुफिया सूचनाओं पर आधारित रणनीतियों के माध्यम से उन क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई तथा नियंत्रण बहाल किया, जो तीन दशकों से भी अधिक समय से वामपंथी उग्रवाद के प्रभाव में थे।
‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’, ‘ऑपरेशन ऑक्टोपस’, ‘ऑपरेशन डबल बुल’, ‘ऑपरेशन थंडरस्टॉर्म’, ‘ऑपरेशन भीमबांध’ और ‘ऑपरेशन चक्रबांध’ जैसे कई समन्वित अभियानों ने प्रभावित क्षेत्रों में माओवादी नेटवर्क को काफी कमजोर किया। इनमें से ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ एक बड़ी सफलता साबित हुआ।
इस अभियान में माओवादियों के एक प्रमुख गढ़ को ध्वस्त किया गया और 30 से अधिक माओवादी मारे गए। इसके बाद गिरफ्तारियों और आत्मसमर्पण की घटनाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। वहीं, ‘ऑपरेशन डबल बुल’ के परिणामस्वरूप गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिले नक्सल-मुक्त हो गए।
कुल मिलाकर, इन अभियानों ने लंबे समय से नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी उपस्थिति बहाल करने, उग्रवादी प्रभाव कम करने और सुरक्षा, सुशासन तथा विकास कार्यों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
केंद्र सरकार ने एक व्यापक सभी एजेंसियों को शामिल करने वाला दृष्टिकोण अपनाया, जिसका उद्देश्य केवल हथियारबंद कैडर को निशाना बनाना नहीं, बल्कि उन्हें सहायता और सहयोग देने वाले पूरे तंत्र को ध्वस्त करना था। विकास के क्षेत्र में इसके तहत समग्र सरकारी तंत्र दृष्टिकोण अपनाया गया, जबकि सुरक्षा अभियानों में सभी एजेंसियों की संयुक्त भागीदारी वाली रणनीति पर जोर दिया गया। नक्सली वित्तपोषण नेटवर्क को तोड़ने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी के भीतर एक विशेष विभाग बनाया गया। दिसंबर 2025 तक एनआईए 40 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर चुकी थी।
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय ने 12 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की, जबकि राज्य की एजेंसियों ने 40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति जब्त की। जून 2026 तक एनआईए के पास वामपंथी उग्रवाद से जुड़े मामलों की कुल संख्या 112 हो गई थी, जिनमें से 100 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके थे।
सरकार ने सख्त सुरक्षा कार्रवाई के साथ-साथ पुनर्वास पर केंद्रित दृष्टिकोण भी अपनाया इसका स्पष्ट संदेश है कि जो लोग हथियार डाल देते हैं, उनके लिए रेड कार्पेट बिछा है। आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों में उच्च रैंक वाले सदस्यों को तत्काल पांच लाख रुपये और अन्य कैडरों को ढाई लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इसके अतिरिक्त, उन्हें 36 महीनों तक हर माह दस हजार रुपये का वजीफा भी दिया जाता है। आत्मसमर्पण करने पर पचास हजार रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाती है। यदि पूरा समूह एक साथ आत्मसमर्पण करता है, तो यह राशि दोगुनी हो जाती है। इसके अलावा, हथियार जमा करने पर अलग से मुआवजा भी दिया जाता है।
पुनर्वास नीति के चलते आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। नवंबर 2026 तक लगभग 8,526 नक्सली हथियार डालकर मुख्यधारा में लौट चुके थे। नागरिक समाज के सदस्यों, पत्रकारों, सामुदायिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी इन प्रयासों को मजबूती दी। उन्होंने पुनर्वास उपायों के प्रति भरोसा कायम करने और प्रभावित लोगों को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हाल के घटनाक्रमों ने सुरक्षा अभियानों एवं पुनर्वास की इस संयुक्त रणनीति की प्रभावशीलता को और रेखांकित किया है। 28 जुलाई 2026 को ‘नई दिशा, नई पहल’ नक्सल-विरोधी अभियान के तहत कोल्हान और लातेहार क्षेत्रों के 16 सक्रिय माओवादियों ने रांची में आत्मसमर्पण किया। ऐसा करने वालों में एक क्षेत्रीय कमांडर, तीन जोनल कमांडर, तीन सब-जोनल कमांडर, छह एरिया कमांडर और कैडर स्तर के तीन सदस्य शामिल थे। उन्होंने 11 अत्याधुनिक आग्नेयास्त्रों, 38 मैगजीन और 1,562 राउंड गोला-बारूद के साथ आत्मसमर्पण किया।
इसके अलावा, 29 जुलाई 2026 को कुल 49 लाख रुपये के इनामी आठ और माओवादियों ने बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। यह वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। इसी दिन सुरक्षा बलों ने धनबाद-गिरिडीह सीमा क्षेत्र से एक शीर्ष माओवादी नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य को गिरफ्तार किया, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए इस संयुक्त अभियान में 15 लाख रुपये का इनामी एक क्षेत्रीय समिति सदस्य, एक अन्य माओवादी कैडर और दो ग्रामीणों को भी पकड़ा गया।
सुरक्षा के क्षेत्र में हासिल की गई ये उपलब्धियां केवल कानून-व्यवस्था बहाल करने तक सीमित नहीं थीं, बल्कि इन्होंने दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव भी रखी। प्रत्येक किलेबंद पुलिस स्टेशन, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल का हर कैंप और आत्मसमर्पण करने वाला प्रत्येक कैडर उन क्षेत्रों में शासन की पहुंच बढ़ाने का माध्यम बना, जहां पहले पहुंचना कठिन था। बेहतर सुरक्षा व्यवस्था ने आदिवासी समुदायों तक सड़कें, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, बैंकिंग सेवाएं और डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया। स्थिरता और भरोसे की इसी बहाली ने बुनियादी ढांचे में व्यापक बदलाव की आधारशिला रखी, जिसके परिणाम बाद के वर्षों में दिखाई दिए।
नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प केवल नक्सलियों को मिटाने तक सीमित नहीं था। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि बड़े शहरों में मिलने वाली हर सुविधा इस क्षेत्र के गरीब आदिवासियों तक पहुंचे, ताकि उनके बच्चों का भविष्य भी उज्ज्वल हो सके। इस चरण में दूर-दराज के इलाकों में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और शासन की पहुंच बढ़ाने पर ध्यान दिया गया। इससे जरूरी सेवाओं, सड़कों और डिजिटल नेटवर्क तक लोगों की पहुंच बेहतर हुई। इन प्रयासों की मदद से, जो इलाके पहले विकास और शासन व्यवस्था से वंचित थे, उन्हें मुख्यधारा के विकास और प्रशासनिक तंत्र से जोड़ा जा सका।
वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए दो प्रमुख योजनाओं ‘रोड रिक्वायरमेंट प्लान’ और ‘वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के लिए सड़क संपर्क परियोजना’ के तहत कुल 15,189 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया है।
पहले वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे कई क्षेत्रों में माओवादी धमकियों और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण बुनियादी ढांचा परियोजनाएं ठप पड़ी थीं। इन परिस्थितियों में ठेकेदार भी अक्सर काम के लिए बोली लगाने से कतराते थे। ऐसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सड़कों और पुलों के निर्माण की जिम्मेदारी सीमा सड़क संगठन को सौंपी गई।
आधुनिक समाज में दूरसंचार कनेक्टिविटी प्रगति का एक प्रमुख आधार बन गई है। ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों के लिए इसका महत्व और भी अधिक है, क्योंकि यह सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने, डिजिटल विभाजन को कम करने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने तथा आर्थिक अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए, प्रभावित क्षेत्रों में 9,561 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं। वामपंथी उग्रवाद से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों के 96 प्रतिशत गांवों में अब मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इससे शिक्षा, ऑनलाइन सेवाओं की उपलब्धता और आर्थिक विकास के नए अवसरों के द्वार खुले हैं।
पहले वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देने में रेल कनेक्टिविटी एक प्रमुख कारक के रूप में उभरी है। दल्ली राजहरा और रावघाट के बीच 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन के 140 किलोमीटर लंबे चरण को मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा, दंतेवाड़ा और मानुगुरु के बीच 153 किलोमीटर लंबी रेल लाइन को भी स्वीकृति दी गई है।
किरंदुल-जगदलपुर रेल लाइन के 150 किलोमीटर लंबे दोहरीकरण परियोजना में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इसके तहत जगदलपुर-कमलूर और बचेली-किरंदुल खंडों पर रेल परिचालन शुरू हो चुका है तथा ये पूरी परियोजना अब पूर्णता के करीब है।
पिछले दशक के दौरान वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिलों में वित्तीय समावेशन का व्यापक विस्तार किया गया है। अप्रैल 2015 से मार्च 2026 के बीच इन क्षेत्रों में 1,804 बैंक शाखाएं खोली गईं, 1,321 एटीएम स्थापित किए गए, 74,720 बैंकिंग प्रतिनिधि नियुक्त किए गए और 6,025 डाकघर खोले गए।
दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों में आधार कवरेज सुनिश्चित करने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण और डाक विभाग के सहयोग से विशेष अभियान चलाए गए। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में विशिष्ट भौगोलिक और धरातलीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भौतिक सर्वेक्षण किया गया, जिसके बाद 294 डाकघर खोले गए। इंटरनेट कनेक्टिविटी और बैंकिंग बुनियादी ढांचे की कमी को देखते हुए, ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन’ योजना के शुरुआती स्वरूप के तहत कुछ वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में नकद मजदूरी भुगतान और ऑफलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था की अनुमति दी गई।
इसी तरह, ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के अंतर्गत बैंकिंग सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में शौचालय निर्माण के लिए ‘ग्राम स्वच्छता समितियों’ के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त, दूर-दराज के गांवों में अधिकारियों द्वारा आयुष्मान भारत कार्ड जारी करने के लिए एक ऑफलाइन एप्लिकेशन भी शुरू की गई। ये उदाहरण दर्शाते हैं कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए परिस्थितियों के अनुरूप ढलने वाला शासन कितना महत्वपूर्ण है।
छत्तीसगढ़ का बस्तर क्षेत्र अपनी दुर्गम भौगोलिक स्थिति और वामपंथी उग्रवाद से जुड़ी हिंसा के कारण लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच की चुनौतियों का सामना करता रहा है। इस स्थिति में सुधार के लिए जगदलपुर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में 240 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को मंजूरी दी। यह अस्पताल अब चालू हो चुका है।
इसके अतिरिक्त, सुरक्षा कर्मियों के लिए स्थापित 11 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के क्षेत्रीय अस्पतालों को स्थानीय आदिवासी समुदायों के लिए भी खोल दिया गया है। इससे क्षेत्र की स्थानीय आबादी के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और पहुंच में विस्तार हुआ है।
पिछले दशक के दौरान, 259 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयोंको मंजूरी दी गई, जिनमें से 179 विद्यालयों में शिक्षण कार्य शुरू हो चुका है। इसके अतिरिक्त, इन क्षेत्रों में 47 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और 49 कौशल विकास केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। इन पहलों पर कुल मिलाकर लगभग 800 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। इन प्रयासों से आदिवासी युवाओं के लिए शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों का विस्तार हुआ है। इससे दूर-दराज के समुदायों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जुड़ने में मदद मिली है। अब तक 90 हजार से अधिक युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को उनके कार्यक्षेत्र में कल्याणकारी गतिविधियां संचालित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इन गतिविधियों में चिकित्सा शिविर और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना तथा स्थानीय समुदायों के बीच आवश्यक वस्तुओं का वितरण करना शामिल है। वर्ष 2014 से अब तक इस कार्यक्रम के तहत 221.88 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इससे सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदायों के बीच विश्वास मजबूत करने तथा आपसी दूरी कम करने में मदद मिली है।
गांवों को जोड़ने वाली सड़कें, संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले मोबाइल टावर, आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने वाले बैंक और आदिवासी युवाओं के लिए स्थापित स्कूल जैसे बुनियादी ढांचे ने जमीनी स्तर पर कल्याणकारी बदलावों को गति दी है। इन गतिविधियों ने एक ऐसा भौतिक एवं संस्थागत आधार तैयार किया है, जिसके माध्यम से वास्तविक कल्याण, सम्मान और सांस्कृतिक पुनर्जागरण को बढ़ावा देना संभव हुआ है।
प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का निरंतर विकास क्षेत्रीय एकीकरण को बढ़ावा देता है। बेहतर कनेक्टिविटी से आर्थिक अवसरों का विस्तार होता है और लोगों की आवाजाही सुगम बनती है। वहीं, दीर्घकालिक निवेश टिकाऊ और समावेशी विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
जनजातीय कल्याण पर निरंतर ध्यान देने से वामपंथी उग्रवाद के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके लिए विकास का विस्तार किया गया, अवसरों तक पहुंच बढ़ाई गई और आदिवासी समुदायों तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच संबंधों को मजबूत किया गया। सुरक्षा उपायों के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए कि बेहतर शिक्षा, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास और आजीविका सहायता के माध्यम से विकास का लाभ दूर-दराज के आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंचे।
आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के पुनर्वास की व्यवस्था ने उन्हें मुख्यधारा के समाज से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया है। इसके तहत कौशल विकास, आजीविका सहायता, ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के माध्यम से आवास सुविधा और स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। जिन गांवों ने नक्सली प्रभाव से मुक्ति पाकर लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित पंचायतें स्थापित कीं, उन्हें विकास अनुदान प्रदान किए गए। इसके अलावा, आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के बच्चों को 12वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा दी गई, जिससे इन परिवारों को सुरक्षित और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिली।
शिक्षा बदलाव के प्रमुख स्तंभों में से एक बनकर उभरी है। ‘एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों’ को अधिक समर्थन मिलने से अनुसूचित जनजाति के बच्चों, विशेषकर वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा तक पहुंच बढ़ी है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके माध्यम से आवास, सुरक्षित पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक कनेक्टिविटी तक उनकी पहुंच बेहतर बनाने के प्रयास किए गए हैं, जिससे इन वंचित समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिली है।
विभिन्न मंत्रालयों के समन्वित प्रयासों से संचालित इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार करना, आर्थिक अवसरों का विस्तार करना और यह सुनिश्चित करना है कि वे भारत की विकास यात्रा में पूरी तरह भागीदार बन सकें।

Related Items
वैश्विक फूल बाजारों में भारत की बढ़ती उपस्थिति
‘राक्षस’ और ‘असुरों’ की लड़ाई से दूर रहे भारत
भारत में ‘मरम्मत’ संस्कृति की मौत और ई-वेस्ट का ऊंचा होता पहाड़