एफटीए साझेदारों में भारत के निर्यात ने पकड़ी रफ्तार

वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-सितंबर अवधि के दौरान प्रमुख एफटीए साझेदारों और बड़े व्यापारिक बाजारों में भारत के निर्यात में व्यापक वृद्धि दर्ज की गई। आसियान को होने वाला निर्यात 58 फीसदी बढ़कर 28.06 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जबकि साफ्टा साझेदारों को निर्यात 22 फीसदी बढ़कर 15.29 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया। यूरोपीय संघ को निर्यात पांच फीसदी बढ़कर 38.79 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। सिंगापुर, मलेशिया, श्रीलंका, जापान, दक्षिण कोरिया और ओमान में मजबूत वृद्धि के साथ-साथ अन्य यूरोपीय बाजारों में बढ़त वैश्विक बाजारों में भारत की बढ़ती निर्यात उपस्थिति और मजबूत होते व्यापारिक संबंधों को दर्शाती है।

सिंगापुर को भारत का निर्यात दोगुने से भी अधिक हो गया, जो 103 फीसदी बढ़कर 5.45 अरब अमेरिकी डॉलर से 11.07 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया।

मलेशिया में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जहां इस अवधि के दौरान निर्यात 83 फीसदी बढ़कर 3.05 अरब अमेरिकी डॉलर से 5.58 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

वियतनाम को निर्यात 36 फीसदी बढ़कर 3.83 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जबकि इंडोनेशिया को भेजे जाने वाले माल में 36 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 2.98 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया।

थाईलैंड निर्यात का एक अन्य महत्वपूर्ण गंतव्य बना रहा, जहां 2.65 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य का निर्यात किया गया।

दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार क्षेत्र के साझेदारों को होने वाले निर्यात में भी वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-सितंबर अवधि के दौरान वृद्धि दर्ज की गई। साफ्टा बाजारों को कुल निर्यात 22 फीसदी बढ़ा, जो इसी अवधि में 12.55 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 15.29 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

श्रीलंका एक प्रमुख विकास बाजार के रूप में उभरा, जहां निर्यात 2.28 अरब अमेरिकी डॉलर से 73 फीसदी बढ़कर 3.94 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

नेपाल को निर्यात 3.66 अरब अमेरिकी डॉलर से 19 फीसदी बढ़कर 4.37 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। भूटान ने भी 16 फीसदी की वृद्धि दर्ज की और निर्यात 711.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया।

छोटे दक्षिण एशियाई बाजारों में मालदीव ने 52 फीसदी की मजबूत वृद्धि दर्ज की, जहां निर्यात 222.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 337.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया।

बांग्लादेश साफ्टा के भीतर भारत का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना रहा, जहां 5.66 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य का निर्यात हुआ और इसमे दो फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

इसी अवधि के दौरान जापान और दक्षिण कोरिया को भारत के निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जिससे एशियाई बाजारों में व्यापार के व्यापक विस्तार को बल मिला।

जापान को निर्यात 40 फीसदी बढ़ा, जो इस अवधि के दौरान 2.92 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 4.10 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

इसी प्रकार, दक्षिण कोरिया को निर्यात 24 फीसदी बढ़ा, जो 3.15 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 3.91 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

दोनों बाजारों में मजबूत वृद्धि, सिंगापुर, मलेशिया, वियतनाम और इंडोनेशिया में दर्ज की गई बड़ी बढ़त के साथ-साथ भारत के एशियाई व्यापार साझेदारों में व्यापक गति को और मजबूती देती है।

स्विट्जरलैंड ईएफटीए साझेदारों में भारत का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना रहा। इस देश को निर्यात 11 फीसदी बढ़कर 758.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया।

नॉर्वे ने भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की, जहां निर्यात 14 फीसदी बढ़कर 264.0 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया। लिकटेंस्टीन ने अपेक्षाकृत छोटे आधार के बावजूद 30 फीसदी की निर्यात वृद्धि दर्ज की।

कई प्रमुख यूरोपीय गंतव्यों में वृद्धि के बल पर यूरोपीय संघ को कुल निर्यात इस दौरान पांच फीसदी बढ़ा, जो 36.97 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 38.79 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

स्पेन सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वाले बाजारों में से एक बनकर उभरा, जहां निर्यात 3.23 अरब अमेरिकी डॉलर से 45 फीसदी बढ़कर 4.68 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

इटली ने भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की, जहां भारतीय निर्यात 3.63 अरब अमेरिकी डॉलर से 25 फीसदी बढ़कर 4.55 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

जर्मनी एक प्रमुख यूरोपीय निर्यात गंतव्य बना रहा, जिसने 12 फीसदी की वृद्धि दर्ज की और वहां निर्यात 6.34 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। फ्रांस को निर्यात नौ फीसदी बढ़कर 3.73 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

इस अवधि के दौरान क्रोएशिया, बुल्गारिया, साइप्रस, एस्टोनिया और चेक गणराज्य सहित कई छोटे यूरोपीय बाजारों ने भी विशेष रूप से मजबूत वृद्धि दर्ज की।

आसियान, दक्षिण एशिया तथा प्रमुख पूर्वी एशियाई और यूरोपीय बाजारों के अलावा, इसी अवधि में कई अन्य व्यापारिक साझेदारों से भी भारत के निर्यात में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

ओमान ने विशेष रूप से मजबूत वृद्धि दर्ज की, जहां निर्यात 2.23 अरब अमेरिकी डॉलर से 47 फीसदी बढ़कर 3.29 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

ऑस्ट्रेलिया को निर्यात 11 फीसदी बढ़कर 3.69 अरब अमेरिकी डॉलर से 4.10 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

यूनाइटेड किंगडम ने भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की, जहां भारतीय निर्यात सात फीसदी बढ़कर 6.83 अरब अमेरिकी डॉलर से 7.32 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

मॉरीशस में 45 फीसदी की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जहां इस अवधि के दौरान निर्यात 346.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया।

कुल मिलाकर, पारंपरिक और उभरते बाजारों में यह व्यापक वृद्धि भारत के निर्यात पदचिह्न के बढ़ते विविधीकरण तथा एशिया, यूरोप और अन्य प्रमुख वैश्विक बाजारों में मजबूत होते व्यापारिक संबंधों को रेखांकित करती है।