महिला की नहीं हो सकी शिनाख्त
मथुरा। मथुरा-गोवर्धन मार्ग स्थित कस्बा अडींग के निकट अज्ञात बस के द्वारा बाइक को रौंद दिए जाने से उस पर सवार युवक एवं बच्चे को लेकर बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घटना के बाद चालक बस को भगा ले जाने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गोवर्धन क्षेत्र के अड़ींग निवासी धर्मेन्द्र पुत्र रोशनलाल बीतीरात करीब साढ़े दस बजे बाइक सं. यूपी85 वाई 8722 से मथुरा से अड़ींग स्थित अपने घर जा रहा था, रास्ते में एक अज्ञात महिला तीन वर्षीय बच्चे के साथ उसकी बाइक पर सवार हो गए। जैसे ही बाइक कस्बा अड़ींग के निकट नहर पर पहुंची, पीछे से तेजगति से जा रही अज्ञात बस ने तीनों को रौंद दिया। जिससे बाइक पर सवार धर्मेन्द्र, 25 वर्षीय अज्ञात महिला एवं उसके तीन वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों द्वारा सूचना मिलने पर पहुंची थाना गोवर्धन पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। ग्रामीणों एवं धर्मेन्द्र के परिजनों ने धर्मेन्द्र की शिनाख्त कर दी लेकिन महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना की रिपोर्ट मृतक धर्मेन्द्र के पिता रोशनलाल पुत्र ललित बिहारी निवासी अड़ींग ने अज्ञात बस के आरोपी चालक के खिलाफ थाना गोवर्धन में दर्ज कराई है।





