एआरटीओ कार्यालय में निरीक्षण के दौरान फाइलों केा देखतेे प्रमुख सचिव परिवहन किशन सिंह अटोरिया साथ हैं एआरटीओ रंजीत सिंह, डीएम राजेश कुमार एवं अन्य
गंदगी और अव्यवस्थाओं पर भड़के अटोरिया
मथुरा। आबकारी और सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव और जनपद के प्रभारी अधिकारी किशन सिंह अटोरिया ने आज सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय पर जिलाधिकारी और प्रशासन के फौज फांटे के साथ अचानक वहां पंहुचकर जांच-पड़ताल की। जनपदभर के अधिकारियों के साथ दस बारह गाडि़यों का काफिला आज अचानक एआरटीओ दफ्तर पंहुचा जहां उनके पंहुचते ही दलालों में अफरा तफरी मच गयी। उन्होंने एआरटीओ को चैनल गेट बंद कर कार्य करने की हिदायत दी तो फाइलों के रख रखाव ठीक प्रकार से करने तो समय पर लाइसैंस बनाने के निर्देश दिये। इस दौरान प्रशासन और प्रमुख सचिव के छापे से एआरटीओ दफ्तर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद दलाल दीवार फांदकर भागने लगे। प्रमुख सचिव ने दफ्तर में सफाई व्यवस्था रखने और लाइसैंस सही प्रकार से बनाये जाने के निर्देश दिये। प्रमुख सचिव ने इस दौरान तीन-चार केबिनों में जाकर फाइलों को चैक किया।
प्रमुख सचिव परिवहन किशनसिंह अटोरिया एआरटीओ कार्यालय में भारी गंदगी और अभिलेखों के अभिलेखागार से पृथक बाहर रैक लगाकर बेतरतीब रख-रखाव की स्थिति देख भडक गये। उन्होंने एआरटीओ को चेतावनी दी कि वे कार्यों में तत्काल सुधार लायें अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कार्यालय परिसर में भारी गन्दगी और पीछे की ओर खुला मैनहाॅल पर भारी नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिये कि नियमति सफाई के साथ मैनहाॅल तत्काल बन्द कराया जाय ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने कार्यालय भवन में प्रवेश के साथ ही रैक लगाकर खुले में अभिलेख बेहतरतीब रखे होने पर और उन पर धूल चढ़ी देख खिन्नता जाहिर करते हुए कार्य प्रणाली में सुधार लाने के कडे निर्देश दिये। श्री अटोरिया ने लाइसेंन्स नवीनकरण की पत्रावली में आवेदकों के हस्ताक्षर तक न होने की स्थिति पर कडा रूख अपनाते हुए राजकुमार शर्मा नामक लिपिक को हिदायत दी कि वे सुनिश्चित करें कि आवेदन पूर्ण भरें एवं हस्तारक्षर युक्त ही हों। उनके साथ डीएम राजेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विजय कुमार, एआरटीओ रंजीत सिंह, एसडीएम सहित जनपद के आला अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान प्रमुख सचिव अटेरिया ने एआटीओ कार्यालय में मौजूद अधिकारियों के साथ मीटिंग भी ली।





