राया पुलिस द्वारा पकड़े गए तीन शातिर
मथुरा। थाना राया पुलिस ने गश्त के दौरान संगीन अपराध को अंजाम देने की फिराक में बैठे तीन बदमाशों को मयअसलाह व नशीले पाउडर के साथ दबोचकर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए बदमाश हत्या के आरोप में जेल काट रहे थे तथा कुछ दिन पूर्व ही जमानत पर रिहा हुए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना राया प्रभारी अरविन्द कुमार साथी हमराह बीतीरात बलदेव रोड खिरारी तिराहे पर गश्त के दौरान वाहन चैकिंग कर रहे थे, पुलिसबल को देख बाइक सवार तीन युवक भागने लगे तो पुलिसबल ने पीछाकर इन्हें दबोच लिया। इनके कब्जे से तलाशी के दौरान पुलिस ने दो तमंचा देशी तथा सात कारतूस जिंदा एवं एक चाकू तथा करीब डेढ़ किलो नशीला सफेद पाउडर बरामद किया। प्लेटिना बाइक जिस पर यह युवक दौड़ रहे थे भी चोरी की बताई गई है। पूछताछ के दौरान इन्होंने अपनी शिनाख्त चन्द्रपाल पुत्र रघुराज निवासी ग्राम नगला हरलाल थाना कागारोल जिला आगरा एवं हरेन्द्र पुत्र साहब सिंह निवासी मुड़सैनिया थाना राया जनपद मथुरा एवं प्रेमपाल सिंह पुत्र मनोज राजपूत निवासी नगला तेजा थाना सईय्या आगरा बताया है। थाना राया पुलिस की इस कार्रवाई पर एसएसपी डा. राकेश कुमार सिंह ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपए का नगद इनाम दिया है।





