मथुरा। नगर मजिस्ट्रेट हेमसिंह ने बताया कि नारी निकेतन में रह रही मूक बधिर युवती रोशनी के मां बाप का पता न लगने के कारण उसे उसके परिजनों को नही सौंपा जा पा रहा है। जबकि उसकी रिहाई के लिए प्रशासन स्तर पर काफी प्रयास किये जा चुके है। उन्होंने इस संबंध में अवगत कराया है कि जनपद के निकटवर्ती प्रान्तों के थानाध्यक्षों एवं प्रभारी निरीक्षकों तथा पुलिस उपाधीक्षक के माध्यम से भी सूचना एवं फोटो प्रकाशित कराने के संबंध में लिखा गया है।
उन्होंने बताया कि चूॅकि युवती मूक बघिर है और अपने माॅ-बाप का नाम, पता तथा अन्य कोई भी जानकारी नही दे पा रही है जिसके कारण उसकी रिहाई में व्यवधान आ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस युवती के संबंध में उच्च न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए प्रशासन को एक माह के अंदर युवती के परिजनों को ढूढकर उनके सुपुर्द करने के आदेश दिये थे लेकिन प्रशासन व्दारा काफी प्रयासों के बाद भी अभी तक उसके परिजनो के संबंध में कोई भी जानकारी नही मिल सकी है, इसलिए उसको किसी के सुपुर्द नही किया जा सका है। नगर मजिस्ट्रेट हेमसिंह एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ओमवीर सिंह तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी ओमप्रकाश द्वारा नारी निकेतन में जा कर युवती से मुलाकात कर के उसके बारे में जानकारी लेने का काफी प्रयास किया गया लेकिन कोई भी ठोस जानकारी हासिल न होने से अभी तक प्रशासन असमंजस की स्थिति में है कि युवती को किसे सुपुर्द किया जायें। उन्होंने युवती को शिक्षित करने हेतु जिला विकलांग जन विकास अधिकारी तथा कल्याण करोति संस्था के अध्यक्ष को भी पत्र लिखकर उसको प्रवेश दिलाने हेतु निर्देश दिये गये है। नगर मजिस्ट्रेट हेमसिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ओमवीर सिंह तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी ओमप्रकाश ने इस विज्ञप्ति के माध्यम से आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस मूक बधिर युवती के नाम, पता व मां बाप के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो वे उनके कार्यालय (कलेक्ट्रेट) में किसी भी कार्यशील दिवस में आकर उन्हें दे सकते है।





