एटीएम मशीन और सीसीटीवी कैमरे भी किये क्षतिग्रस्त
मथुरा। राया कस्बे में स्टेट बैंक आॅफ इंडिया के एटीएम को क्षतिग्रस्त कर लूटने का प्रयास किया गया। बताया गया कि दो लोगों ने एटीएम में प्रवेश कर गार्ड को बंधक बनाया लेकिन किसी के आने की भनक लगने पर वे वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
बदमाशों ने एटीएम के गार्ड को बंधक बना लिया और एटीएम लूटने की कोशिश की। बताया गया कि एसबीआई का एटीएम राया थाने से कुछ ही दूरी पर है। यहां पर मुकेश नामक गार्ड तैनात है। बताया गया कि रात्रि को लगभग दस बजे जब मुकेश डयूटी पर था तभी दो लोग आये और पैसे निकालने लगे।
एटीएम पर तैनात गार्ड मुकेश ने उन्हें हैलमेट उतारने को कहा तो इन लोगों ने उसे तमंचे की नोंक पर बंधक बना लिया और एटीमएम को तोड़कर लूट की कोशिश की। बदमाश इसमें सफल नहीं हो पाये। यह एटीएम थोन से कुछ ही दूरी पर है। घटना की सूचना के बाद राया पुलिस घटनास्थल पर पंहुच गयी। पुलिस ने बैंक के गार्ड को पूछताछ के लिये थाने में बैठा लिया है। बताते हैं कि बदमाशों ने एटीएम मशीन के साथ यहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी तोड़फोड़ की है।
राया में एटीएम पर पहली वारदात
राया कस्बे में लगभग आधा दर्जन बैंकों के एटीएम हैं। लेकिन ये किसी भी एटीएम पर हुई पहली घटना है। दरअसल सभी एटीएम मुख्य मार्गों पर हैं लेकिन राया थाना से कुछ ही दूरी पर हुई ये वारदात पुलिस की लापरवाही की ओर इशारा करती है। राया थाना में इस समय तीन चैपहिया वाहन हैं लेकिन फिर भी मुख्य मार्ग पर हुई ये घटना सवाल तो खड़े करती है।
प्रकाश की नहीं उचित व्यवस्था
कस्बे के एसबीआई एटीएम पहले तो रोड से हटकर अंदर की तरफ है और लाइट न होने से वहाँ और भी खतरा बढ़ जाता है। नगर पंचायत द्वारा लगायी गयी हाईमास्क लाइट भी नगर पंचायत के ही लगाये गए होर्डिंग को तो रोशन करती है लेकिन होर्डिंग की वजह से बैंक व एटीएम तक लाइट नहीं पहुँच पा रही है । इसे लेकर कई बार क्षेत्रीय लोगों ने शिकायत भी की है।





