साल 2008 में ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में अभिनेता शाहरुख खान के साथ करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का कहना है कि सुपरस्टार शाहरुख के साथ उनका रिश्ता कुछ खास है क्योंकि वह उनके पहले हीरो रहे हैं। ‘जब तक है जान’ में साथ नजर आने वाली अनुष्का और शाहरुख की जोड़ी अब इम्तियाज अली की फिल्म ‘दि रिंग’ में नजर आने वाली है।
आईएएनएस के साथ बातचीत में अनुष्का ने ‘किंग खान’ से अपने खास रिश्ते को साझा किया। अनुष्का ने कहा, ‘यह हमारी साथ में तीसरी फिल्म है। मेरा उनके साथ एक खास समीकरण है। मैं शाहरुख के साथ बहुत सहज महसूस करती हूं। इम्तियाज उन लोगों में हैं जिनके साथ मैं हमेशा से काम करना चाहती थी। इम्तियाज की फिल्म ‘जब वी मेट’ देखकर मैं एक अभिनेत्री बनी। इसके निर्देशक के साथ काम करना एक सुखद अनुभव है।’ अभिनय के साथ-साथ इन दिनों अनुष्का शर्मा बतौर निर्माता भी बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनके द्वारा निर्मित और अभिनीत फिल्म एन.एच.10 ने बॉक्स ऑफिस पर न सिर्फ सफलता प्राप्त की थी, बल्कि इसे बॉलीवुड ने बहुत ही सराहा था। दर्शकों के साथ-साथ इस फिल्म के निर्माण के लिए फिल्म समीक्षकों ने भी अनुष्का की तारीफ की थी। इन दिनों अनुष्का फिल्म ‘फिल्लौरी’ का निर्माण भी कर रही हैं। इसके बारे में अभिनेत्री ने कहा कि फिल्मों में पैसा निवेश करना एक बड़ा जोखिम है। यह मुश्किल है। यह बड़ा जोखिम है। आपको समझना होगा कि यह पैसा बनाने की चीज नहीं है, खास तौर से जब आप नए निर्माता हों। लेकिन, फिल्म में अगर एक्टर आप (निर्माता) ही हैं तो इससे सहूलियत होती है। आप ज्यादा पैसे नहीं लेते। आपको पैसे बचाने के तरीके खोजने होंगे, जिससे प्रोजेक्ट प्रभावित नहीं हो। फिल्लौरी का निर्देशन नवोदित अंशाई लाल कर रहे हैं। इसमें अनुष्का शर्मा और दिलजीत दोसांझ प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
साभार-khaskhabar.com

Related Items
लोकतंत्र का सबसे ताकतवर हथियार बना आरटीआई
‘भारत की सबसे बड़ी ताकत अर्थव्यवस्था नहीं, जीवनशैली है’
बच्चों से बोला जाने वाला वह दो महीने का सबसे प्यारा ‘झूठ’…