मथुरा । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर दूर-दूर से तीर्थयात्री भगवान के जन्म महोत्सव को देखने के लिये मथुरा में आ चुके है। हालांकि कई दिनों से यह सिलसिला अनवरत रूप से जारी है लेकिन आज तीर्थयात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है। बाजारों में टोल के टोल विभिन्न भाषाओं और वस्त्रों वाले श्रद्धालु कान्हा की जन्मस्थली में उनके प्राकाट्य महोत्सव को अपनी आंखों से निहारेंगे। अयोध्या की मणीराम छावनी के मंहत मृत्यगोपालदास महाराज भी मथुरा आ चुके हैं। वे श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के प्रमुख पदाधिकारियों में है श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान वे प्रतिवर्ष यहां आते है और लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव को सम्पन्न कराते है। मथुरा के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही देखी जा रही है। उधर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सहित मंदिर द्वारिकाधीश में भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मथुरा जिला पुलिस प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसबल कल के आयोजन को लेकर पूरी निगरानी बरत रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के अधिकारी पल-पल की जानकारीयां ले रहे है। पुलिस को भी चैकन्ना रहने के निर्देश दिये गये है। कल से श्रीकृष्ण जन्मस्थान जाने वाली सड़कों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी। मंदिर के आस पास बैरिकेडिंग लगाकर बढ़ती भीड़ को रोकने के इंतजाम किये जायेंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर केशवदेव और सम्पूर्ण परिसर को बड़ी भव्यता के साथ सजाया सबारा जा रहा है।





