मथुरा। कोतवाली के कृष्णानगर पुलिस चैकी अंतर्गत प्रभात नगर कालोनी में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में जल जाने से मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। काॅलौनीवासियों के अनुसार उसने खुद को आग के हवाले किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभात नगर कालोनी निवासी 17 वर्षीय ज्योति पुत्री मान सिंह सोमवार देरशाम को टीवी देख रही थी। उसके परिवार के लोग घर की छत पर खाना खा रहे थे। तभी किसी कार्य से ज्योति की भाभी नीचे घर में कुछ लेने गयी। उसने नीचे रसोई में आकर देखा तो वहां आग लगी हुयी थी और ज्योति जली हुयी पड़ी थी। भाभी द्वारा शोर मचाए जाने पर परिजन नीचे उतर आए और रसोई का दरवाजा तोड़ा और आग बुझाई लेकिन तब तक ज्योति की मौत हो चुकी थी। लड़की की मौत के पीछे कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार घटना के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग सकेगा। घटना संदिग्ध प्रतीत होती है।





