
मथुरा। जनपद में यमुना रक्षक दल के द्वारा सफाई कार्य जारी है। विगत 2 माह से यमुना किनारे चल रहे सफाई कार्य से यमुना के घाट सुन्दर दिखाई देने लगे है। आज गुरूवार को श्री ग्रुप के डारेक्टर राम अग्रवाल द्वारा सफाई अभियान में जेसीबी व टेक्टर चलवाये गये। यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत जयकृष्ण दास ने कहा कि किसी भी राजनैतिक दल के राष्ट्रीय एजेण्डे में यमुना के मुद्दे को शामिल नहीं किया गया है क्योकि यमुना उनके लिये वोट पैदा नहीं करती है। यमुना रक्षक दल का मुख्य उद्देश्य यमुना को ब्रज में लाना है और दल इसके लिये सदैव प्रयास करता रहेगा। यमुना के घाट श्री कृष्ण स्वरूप है इन घाटो को गन्दा करना भी पाप है। घाट ब्रज की पुरातन विरासत है इनकी रक्षा करना हर ब्रजवासी का कर्तव्य है। दल के सचिव रविन्द्र नरवार ने कहा कि यमुना को ब्रज में लाने की तैयारी में घाटों की सफाई की जा रही है। इस सफाई अभियान से लोगो में जाग्रति आ रही है। मथुरा विश्व प्रसिद्ध स्थल है और हम ब्रजवासियों को मिलकर यमुना, घाट, वन, पर्वत आदि ब्रज की विरासतों की रक्षा कर ब्रज की गरिमा विश्व में स्थापित रखनी है। इस अवसर पर दल के संगठन मंत्री रमेश सिसौदिया, त्रिलोकी व्यास, मदन व्यास, महेन्द्र राजपूत, शरद वर्मा, हिमाशु व्यास, गोलू पंडित, अनिल चतुर्वेदी, भोला पंडित, प्रान्जुल, अमृतलाल आमे आदि उपस्थित थे।





