कार्यालय में बैठक लेते सीडीओ मनीष बर्मा
मथुरा। मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सम्बन्धित अधिकारी से कहा है कि 5 वर्ष तक के कुपोषित बच्चों के चिन्हाकंन हेतु बृहद अभियान चलाकर वजन दिवस आयोजित किया जाय। श्री वर्मा आज यहाॅ विकास भवन के अपने कार्यालय कक्ष में इस सम्बन्ध में बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में श्री वर्मा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिये कि वे एक अभियान चलाकर जनपद के 0-5 वर्ष के सभी बच्चों की सूची तैयार करा लें। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाय कि इस उम्र का कोई बच्चा छूटने न पाये। उन्होंने कहा कि शासन से निर्देश प्राप्त हुए हैं कि ‘‘वजन दिवस‘‘ दो चरणों में आयोजित किया जाय। पहला चरण 07 सितम्बर को तथा दूसरा चरण 10 सितम्बर को। उन्होंने कहा कि शासन से यह भी निर्देश प्राप्त हुए हैं कि किन्ही अपरिहार्य कारणोंवश यदि प्रथम व द्वितीय चरण में कुछ बच्चे छूट गये हों तो उन्हें आच्छादित करने हेतु 11 अथवा 14 सितम्बर को एक अतिरिक्त वजन दिवस आयोजित कर लिया जाये। श्री वर्मा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिये कि इस अभियान के लिए एक विस्तृत कार्य योजना बना ली जाय। उन्होंने कहा कि कार्य योजना में कोई बिन्दु छूटने न पाये। उन्होंने कहा कि वजन के लिए कितनी मशीन व मैन पावर की जरूरत पडे़गी सबका समावेश कार्य योजना में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा यह अभियान इसलिए चलाया जा रहा है ताकि 5 वर्ष तक कुपोषित तथा अतिकुपोषित बच्चों की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा सके। इस कार्यक्रम के व्यापक प्रचार प्रसार पर बल देते हुए श्री वर्मा ने कहा कि आईसीडीएस, पंचायतीराज एवं चिकित्सा स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण आदि विभागों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाय। बैठक में श्री बृजेन्द्र खन्ना, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा अग्निहोत्री, जिला पंचायतराज अधिकारी श्री आर0पी0 सिंह यादव तथा सभी सीडीपीओ उपस्थित थीं।





