मथुरा। मांट कस्बे में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को कीड़े मारने वाली दवाएं आंगनबाड़ी केंद्रों पर खिलाई गई। इसके अंतर्गत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को दवाई खिलाई गई। मांट विकास खंड के ग्राम हृदय पोखर में आंगनबाड़ी केंद्र पर करीब 200 बच्चों को कृमि नियंत्रण की दवा खिलाई गई। इस मौके पर बच्चों को अध्यापकों ने स्वच्छ रहने की सलाह दी, बताया कि जहां स्वच्छता रहती है वहां बीमारी नहीं पनपती। अध्यापकों ने छात्र-छात्राओं से खुले में शौच न करने, खाना खाने से पहले व बाद में हाथ धोने, सुबह-शाम मंजन करने, अपने घरों पर सफाई व पानी जमा न होने आदि की सलाह दी। इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक बिजेंद्र सिंह, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक गुलाब सिंह, सुजीत वर्मा, शशिकांत शर्मा, सुरेश सिंह, अनुपम उपाध्याय, सुरेंद्र उपाध्याय, संजू व आंगनबाड़ी कार्यकत्री बीना वर्मा, सावित्री देवी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थीं।





