मथुरा। जनपद में लूट की घटनायें रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। गोवर्धन में दर्शन को आये गाजियाबाद के एक वकील से बदमाश तमंचें की नोंक पर नगदी, मोबाइल आदि लूटकर ले गये। वहीं राया कस्बे में फिरोजाबाद के एक व्यक्ति से नशीला पदार्थ खिलाकर उसे बेहोश कर उसकी बुलेरो लूट ले गये। मिली जानकारी के अनुसार थाना गोवर्धन अंतर्गत बरसाना रोड पर अज्ञात बदमाश गाजियाबाद निवासी एक वकील की गाड़ी रोककर पांच हजार रूपये नगद, सैमसंग गैलेक्सी के फोन, डबलबैड का कंबल और ड्राइवर का फोन लूटकर ले गये। इस संबंध में अजय कुमार एडवोकेट निवासी नहर नगर गाजियाबाद ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गाजियाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है जिसे गोवर्धन थाने भेजा गया है। वहीं कस्बे के मांट रोड पर एक नामजद व दो-चार अन्य लोगों ने प्रवीण पुत्र राम यादव निवासी गोदाऊ थाना लाइनपार फिरोजाबाद को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और उसकी बुलेरो संख्या यूपी 83 7626 लूटकर ले गये।





