बाजार में जमीन पर बैठकर धरना प्रदर्शन कर बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाते व्यापारी
बदमाशों ने व्यापारी को मारी गोली, घायल
मथुरा। राया में बीतीरात घर लौट रहे तेल और चीनी व्यापारी और उसके मुनीम को घर के निकट बाइक सवार बदमाशों द्वारा लूट के प्रयास में थैला न छोड़ने पर तमंचे की बट और गोली मारकर घायल करने की घटना से राया के व्यापारियों में रात्रि से ही आक्रोश है। घायल व्यापारी को नोएडा इलाज के लिये भर्ती किया गया है। आज नाराज व्यापारियों ने राया कस्बे के अग्रसेन बाजार स्थित कटरा चैक में सुबह नौ बजे से दोपहर पौने तीन बजे तक धरना दिया और व्यापारियों की सुरक्षा और अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। हरकत में आयी पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस दौरान धरने पर बैठे राया के व्यापारियों के साथ बलदेव क्षेत्र के विधायक पूरन प्रकाश, व्यापारी नेता रविकांत गर्ग और सत्ताधारी पार्टी के जिलाध्यक्ष भी धरनास्थल पर पंहुचे और तत्काल घटना के अनावरण की व्यापारियों की मांग पर अपनी सहमति जताते दोषियों की गिरफ्तारी और व्यापारियों की सुरक्षा की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. राकेश सिंह और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अजय कुमार भी धरनास्थल पर पंहुचे और व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द घटना में दोषी लोगों को दंडित किया जायेगा। उन्होंने जानकारी दी कि एक अपराधी को पकड़ा गया है और उससे पूछताछ में जानकारियां हासिल हुयी हैं। पूर्व में भी इस व्यापारी के साथ घटना हो चुकी हैं और पकड़ा गया अपराधी इसमें शामिल भी रहा है। राया चीनी व्यापारी मोहन नारायण अग्रवाल के साथ हुई लूट और गोली मारने की घटना के विरोध में कस्बे के व्यापरियों ने आज बाजार बंद कर बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की। पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे इस गोलीकांड को जल्द से जल्द खोलें जिससे व्यापारियों के हौंसले बुलंद हो। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश शर्मा ने व्यापारियों के साथ रहने का आश्वासन दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष कृष्णकान्त अग्रवाल ने व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। एसपी देहात अजय कुमार ने व्यापारियों को भरोसा दिलाते कहा कि 6 फरवरी 2014 को भी मोहन नारायन अग्रवाल के साथ हुई घटना में अलीगढ़ निवासी सोनू ठाकुर को गिरफ्तार किया गया था। इस गोलीकांड के कुछ तथ्य सामने आये हैं जिनमे एक अरोपी पकड़ा गया है जिससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी पकडे़ जायेंगे उनकी गिरफ्तारी के लिये टीमें लगा दी गई हैं। इस अवसर पर व्यापारियों के साथ राजककुमार मामा, राकेश बंसल, व्यापार सभा के नगर अध्यक्ष किशन अग्रवाल, चन्द्रप्रकाश अग्रवाल, सोनी भगत, जगदीश प्रसाद, कन्हैयालाल सहित काफी संख्या में राया के व्यापारीगण मौजूद थे।





