नव निर्वाचित प्रधानों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी राजेश कुमार
पंचायती राज के माध्यम से गांव में विकास की गंगा बहाई जा सकती है
मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने नव निर्वाचित प्रधानों का आवाहन करते हुए कहा कि ग्रामीण समितियों का गठन कर प्रधान गांवों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में प्रधानों को इतने अधिकार प्राप्त हैं जिसके माध्यम से वे गांवों में विकास की गंगा बहा सकते हैं। श्रीकुमार आज यहां के0डी0 डेन्टल काॅलेज में आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यशाला में उपस्थित प्रधानों को सम्बांेधित कर रहे थे।
श्री कुमार ने प्रधानों से कहा कि गांव के लिए छः समितियां बनायी गयी हैं जो गांवों में सुधार के लिए प्रत्येक स्तर को आच्छादित करती हैं। प्रधान इन समितियों का गठन कर गांवों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायती राज के माध्यम से सरकार ग्राम प्रधानों को असीम शक्तियां प्रदान कर रखी हैं जिसकों सक्रिय कर व उसका सदुपयोग कर प्रधान गांवों में विकास की गंगा बहा सकते हैं। उन्होंने प्रधानों से कहा कि इन समितियों में बिना भेदभाव व पारदर्शी ढंग से अच्छे लोगों को रखें जो सही व सामयिक निर्णय में मददगार साबित हो। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य समिति, ग्राम जल समिति, ग्राम पोषण समिति, ग्राम शिक्षा समिति, स्वच्छता समिति आदि से गांवों के सर्वागीय विकास आच्छादित होते हैं।
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत लोकतन्त्र की नींव होती है। हमारा देश गांवों का देश है। महात्मा गांधी की इच्छा थी कि हमारे देश की सरकार गांव से शुरू हो। उन्होंने कहा कि प्रधान गांव के विकास की योजना बना लें। प्राथमिकता वाले कार्यों को सबसे पहले करायें। उन्होंने कहा कि गांवों के खाते में कई मदों से धनराशि आती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 27 जनवरी से तीन फरवरी तक मातृत्व सप्ताह मनाये जाने का निर्णय लिया गया है जिसके अन्तर्गत गर्भवती महिलाओं का शत प्रतिशत चिन्हांकन किया जाना है। इन चिन्हित महिलाओं की सभी प्रकार की जांच की जायेगी। गम्भीर रूप से बीमार महिलाओं को उपचार के लिए चिकित्सालयों में रेफर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अति कुपोषित बच्चों के लिए वृन्दावन चिकित्सालय में उपचार की व्यवस्था है। 14 दिन तक बच्चे को अस्पताल में रखकर इसका इलाज व मानीटरिंग की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधान आगे आयें और इन सब कार्यक्रमों में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गन्दगी व बीमारी से बचने के लिए यह जरूरी है कि लोग खुले में शौच न करें। उन्होंने कहा कि प्रधान खुले शौच से गांव को मुक्त कराने का संकल्प लेकर आज यहां से जायें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विवेक मिश्र, जिला विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी, परियोजना निदेशक डा. एके बाजपेयी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. एसके मलिक, बेसिक शिक्षाधिकारी अशोक कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. उमा शंकर शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी ओमप्रकाश यादव, जिला पूर्ति अधिकारी केपी मिश्र तथा जिला पंचायतराज अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद सिंह यादव ने अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा भारी संख्या में प्रधान उपस्थित थे।





