मथुरा। गोवर्धन कस्बे के गांव पलसों में बिना स्थानीय पुलिस को सूचना दिये चोरी के मामले में एक आरोपी को हरियाणा पुलिस ने पकड़ लिया और गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगी तभी युवक ने शोर मचा दिया जिससे आसपास के ग्रामीण इकटठे हो गये। इन लोगों ने युवक को छुड़ा लिया और उसे ले जा रहे लोगों को कमरे में बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की।
बाद में जब पुलिस को सूचना दी और मौके पर पुलिस पंहुची तो पता चला कि ये लोग अपहरणकर्ता नहीं बल्कि हरिणा पुलिस की स्पेशल टीम के उपनिरीक्षक और सिपाही हैं। ग्रामीणों की पिटाई से सभी के चोट आयी हैं जिन्हें एसओ गोवर्धन ने डाॅक्टरी मुआयने के लिये भेजा हैं। पिटे हुये हरियाणा पुलिसकर्मियों ने गोवर्धन थाने में पलसों के ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा की ऊंचागांव बल्लभगढ़ की सीआईए पुलिस की टीम चोरी के एक मामले में गोवर्धन के गांव पलसों निवासी उत्तम शर्मा पुत्र रामबाबू शर्मा के यहां पंहुची और उत्तम को गिरफ्तार कर लिया लेकिन हरियाणा के पुलिसकर्मी बिना वर्दी में थे। केवल एक उपनिरीक्षक जलालुद्दीन वर्दी में था। ग्रामीणों को बदमाश होने का शक हुआ। युवक ने जब शोर मचाया तो ग्रामीण इकटठे हो गये और हरियाणा पुलिस के एएसआई जलालुद्दीन और प्रेमपाल, रोहित, सुंदर, जोगिंदर को बंधक बना लिया और कमरे में बंद कर मारपीट की। सुबह सात बजे हुयी घटना की जब ग्रामीणों ने सूचना कंट्रोल रूम पर दी तो बरसाना और गोवर्धन पुलिस पलसों गांव पंहुच गयी। जहां उन्होंने बंधक बने हरियाणा पुलिस के पांचों कर्मियों को मुक्त कराया। इस बीच ग्रामीणांे के शोर शराबे और मारपीट के मध्य आरोपी उत्तम शर्मा भाग गया। हरियाणा पुलिस के लोगों ने ग्रामीणों के खिलाफ गोवर्धन थाने में तहरीर दी है। गोवर्धन थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार का कहना था कि बिना सूचना के हरियाणा पुलिस पंहुची थी जिसके चलते ग्रामीणांे को बदमाश होने का संदेह हो गया था।





