मथुरा। हमारा पूरा लोकतंत्र माफियाओं एवं दलालों के गिरफ्त में आ गया है, पंचायत से लेकर संसद तक के चुनाव में शराब एवं धन का बोलबाला है। बोली लगायी जा रही है, लोग अपनी कीमत तय कर रहे हैं, यह स्थिति अत्यंत ही गम्भीर है, अत्यंत विकट है। किसी भी भेदभाव से बचें। ऊँच-नीच, जाति-पंथ के भेद से उपर सबसे ऊपर हमारा देश है, हमारा अखण्ड भारत है। युवक एवं बच्चे संकल्प लें कि वे नकल नहीं करेंगे एवं अपने शिक्षकों का सम्मान करेंगे। उन्होंने अपने उदाहरण देते हुए कहा कि, बच्चों तुम्हारा प्रयास यह होना चाहिए कि तुम्हारे शिक्षक के पास जितना ज्ञान है सबके सब प्राप्त कर लो। यह आपका सौभाग्य है कि शहर से इतनी दूर इस सुरम्य एवं प्राकृतिक वातावरण में आपको ज्ञान एवं संस्कार दिये जा रहे हैं। मुझे यहाँ आकर बहुत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है एवं मैं आर्य अशोक शर्मा जी से यह वादा करता हूँ कि अगले वर्ष मैं पुनः इस विद्यालय में आऊँगा-यह उद्गार आईएएस एवं उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव डा. सूर्य प्रताप सिंह ने महर्षि दयानन्द सीनियर सैकेण्ड्री स्कूल, राल, मथुरा में छात्रों एवं शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये। इस अवसर पर उन्होंने महर्षि दयानन्द पुनर्वास संस्थान, राल, मथुरा के छात्राध्यापकों को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर युवा कवि रोहित शर्मा एवं गवेन्द्र आर्य ने देशभक्ति की कविताओं से कार्यक्रम को जोशीला बना दिया। कार्यक्रम का संचालन गवेन्द्र आर्य ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाचार्य आर्य अशोक शर्मा ने किया।
इस अवसर पर मफतलाल अग्रवाल, पतंजलि इण्टरप्राइजेज से उमेश, पवन, महर्षि दयानन्द पुनर्वास संस्थान के प्राचार्य डाॅ0 धनंजय तिवारी, भारत भूषण वशिष्ठ, कु0 दीक्षा, संतोष, के0सी0 आर्य, तेजपाल शर्मा, विद्यालय के सभी अध्यापक, अध्यापिकायें, बच्चे एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





